बिना मंजूरी कियोस्क चलाने का मामला - अब उल्लंघन हटाने के लिए एलांते के फूड कोर्ट को भेजा नोटिस
punjabkesari.in Wednesday, Aug 31, 2022 - 08:43 PM (IST)

चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा): इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एलांते मॉल के अंदर बिना मंजूरी कई कियोस्क चल रहे हैं। इस नियमों के उल्लंघन पर एस.डी.एम. ईस्ट ने बीते शुक्रवार नोटिस जारी किया था। बुधवार को नोटिस पर मॉल प्रबंधक एस.डी.एम. के समक्ष पेश हुए। उन्होंने कहा कि उल्लंघनों को हटा लिया गया है, लेकिन फूड कोर्ट उनकी नहीं सुनता। इसलिए अब एस.डी.एम. ने फूड कोर्ट को समन भेजा है।
एस.डी.एम. ईस्ट नीतिश सिंगला ने बताया कि एलांते मॉल को बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघनों की शिकायत पर नोटिस भेजकर व्यक्तिगत सुनवाई के लिए समन किया था। बुधवार को एलांते प्रबंधकों ने उनके सामने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा है कि उनके अंतर्गत जितने उल्लंघन आते थे, वह हटा लिए हैं लेकिन ज्यादातर उल्लंघन फूड कोर्ट में हैं। एस.डी.एम. ने बताया कि एलांते के अनुसार फूड कोर्ट उनकी बात नहीं सुनता। फूड कोर्ट के साथ उनका एग्रीमैंट भी खत्म हो गया है। अदालत में भी कोई मामला चल रहा है। एलांते ने कहा है कि उन्हें कोई समस्या नहीं है, अगर फूड कोर्ट को सील भी करा दिया जाए। इसलिए अब फूड कोर्ट को अब अलग से समन किया है। समन में कहा है कि वो तुरंत उल्लंघनों को हटाए। सिंगला ने कहा कि फूड कोर्ट की तरफ से तय समय के अंदर उल्लंघनों को नहीं हटाया जाता है, तो वह नियमों के तहत कार्रवाई करेंगे।