मनी एक्सचेंजर छाबड़ा के घर और ऑफिस पर ED का छापा, 1 करोड़ की करंसी बरामद

Friday, Jun 23, 2017 - 07:48 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : विदेशी करंसी को अवैध रूप से बदलने पर ई.डी. (प्रवर्तन निदेशालय) ने सैक्टर-22 स्थित छाबड़ा फोरेक्स प्राइवेट लिमिटेड के दफ्तर में वीरवार छापा मारा। छापे के दौरान करीब एक करोड़ रुपए बरामद हुए, जिनमें 85 लाख रुपए विदेशी करंसी और करीब 12 लाख रुपए इंडियन करंसी है। दफ्तर से रुपए बदलने को लेकर रिकॉर्ड भी जब्त कर लिया गया। 

 

ई.डी. ने छाबड़ा फोरेक्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक जसबीर सिंह छाबड़ा और उसके बेटे गुरनीत सिंह छाबड़ा के पंचकूला सैक्टर-8 स्थित मकान में भी सर्च की, जहां पर करंसी बदलने को लेकर कई अहम सबूत मिले हैं। ई.डी. ने बरामद नकदी को जब्त कर जसबीर सिंह छाबड़ा और उसके बेटे गुरनीत सिंह छाबड़ा के खिलाफ फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमैंट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।

 

अलमारी और दराज के अंदर से मिली करंसी :

ई.डी. को सूचना मिली थी कि छाबड़ा फोरेक्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक जसबीर सिंह छाबड़ा और उसका बेटा गुरनीत सिंह अवैध रूप से विदेशी करंसी बदल रहे हैं। ई.डी. के अधिकारियों ने कई दिनों तक छाबड़ा फोरेक्स प्राइवेट लिमिटेड के दफ्तर पर नजर रखकर सबूत इकट्ठे किए। सबूत मिलने के बाद वीरवार सुबह टीम ने छाबड़ा फोरेक्स प्राइवेट लिमिटेड के दफ्तर में छापा मारा। 

 

छापे के दौरान ई.डी. को अलमारी और दराज के अंदर से 85 लाख की विदेशी करंसी बरामद हुई। इस दौरान जसबीर सिंह और गुरनीत सिंह से ई.डी. अधिकारियों ने पूछताछ की तो उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। टीम ने पूरे दफ्तर में सर्च की और फाइलों के अंदर करीब 12 लाख रुपए भी बरामद हुए। 

 

करंसी बदलने को लेकर जसबीर सिंह छाबड़ा से कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सका। इसके बाद दफ्तर में लगा कंप्यूटर, सी.सी.टी.वी. कैमरे समेत तमाम रिकॉर्ड को जब्त कर लिया। ई.डी. के अधिकारी ने बताया कि जसबीर सिंह और गुरनीत सिंह अवैध रूप से करंसी बदलते थे। दोनों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बरामद करंसी का रिकार्ड मांगा है। 

Advertising