शहर में बढ़ रहा नशे का कारोबार, ड्रग सप्लायर तक पहुंचने में पुलिस नाकाम

Friday, Jun 23, 2017 - 12:04 PM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : शहर में नशे का कारोबार खूब फैलने लगा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नशे पर नकेल कसने की जिम्मेदारी जिनके हवाले है खुद खुद उनके परिवार भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। हाल ही में सैक्टर-20 में रहने वाले एक पुलिस कर्मी की नशे की ओवरडोज से हुई मौत इसका प्रमाण है। 

 

पिछले कुछ समय में शहर में रहने वाले कई युवाओं की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। इस मामले की जांच को लेकर पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास जैसे संगीन धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। हालांकि अभी तक ऐसा कोई भी केस देखने को नहीं मिला है जिसमें पुलिस ने मरने वालों को नशे की खेप सप्लाई की थी। ऐसे पुलिस शहर में नशे के सौदागारों पर नकेल कसने में नाकाम रही है। 

 

नशे की ओवरडॉज से हुई अनिरुद्ध की मौत : 
सैक्टर-20 में रहने वाले पुलिस विभाग के एक कांस्टेबल के 19 वर्षीय बेटे अनिरुद्ध का शव पंचकूला पुलिस को नाडा साहिब गुरुद्वारे के पास मिला था। अनिरुद्ध कुछ दिनों से लापता था। इसे लेकर उसके पिता ने सैक्टर-19 थाने में भी डी.डी.आर. दर्ज करवाई थी। पिता द्वारा बेटे के शव की पहचान करने के बाद सैक्टर-19 थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया था। 

 

प्राथमिक जांच में उसकी मौत का कारण नशे की ओवरडोज आया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर सैक्टर-21 निवासी उसके दोस्त मनवीर के खिलाफ गैर इरादन हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की मानें तो मामले में मनवीर के अलावा उसके कुछ अन्य दोस्तों के नाम भी सामने आ रहे हैं। मामले में उनकी भूमिका के आधार पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

 

छात्रा राधिका की मौत हुई थी नशे की ओवरडोज से : सैक्टर-15 में बतौर पी.जी. रहने वाली छात्रा राधिका की मौत वर्ष 2012 में नशे की ओवरडोज के कारण हुई थी। मामले में पुलिस ने राधिका की दोस्त की शिकायत पर उसके जानकार 2 दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। इस मामले में भी पुलिस नशे के सौदागरों का सुराग और उनकी गिरफ्तारी करने में विफल रही थी। 

 

सैक्टर-29 निवासी युवक की नशे ने ली जान : 
सैक्टर-29 निवासी युवक का शव वहीं मार्कीट में बने उसके एक दोस्त के सैलून में मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की मौत का कारण नशे की ओवरडोज थी। पुलिस ने जांच रिपोर्ट और मृतक के परिजनों की शिकायत पर उसके ही एक दोस्त के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शरू की थी। मामले में पुलिस के हाथ नशा सप्लाई करने वाला हाथ नहीं लगा था। 
 

Advertising