सुखना लेक के समीप ऑटो में मृत मिला चालक

Tuesday, Dec 29, 2020 - 11:39 PM (IST)

चंडीगढ़,  (सुशील राज) : सुखना लेक के समीप गोल्फ एकैडमी के पास ऑटो के अंदर चालक मृत मिला। सुखना चौकी पुलिस ने उसे जी.एम.एस.एच.-16 में पहुंचाया। पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतक की पहचान राम दरबार निवासी 23 वर्षीय नीरज के रूप में हुई है। सैक्टर-3 थाना पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद व्यक्ति की मौत की वजह का खुलासा हो पाएगा। सैक्टर-3 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार नीरज खुद ऑटो चलाता था। सोमवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में किसी राहगीर में उसके बेसुध पड़े होने की सूचना दी। 

 

शरीर पर चोट के निशान नहीं 
पुलिस की जांच में सामने आया कि नीरज आखिरी बार ऑटो लेकर रविवार देर रात करीब 2:30 बजे गोल्फ क्लब के आसपास दिखाई दिया था। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ यह किसी को जानकारी नहीं मिली। वहीं डॉक्टरी जांच में सामने आया कि मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं थे। 

कोरोना रिपोर्ट के बाद होगा पोस्टमार्टम 
पुलिस के अनुसार स्वास्थ्य विभाग को सूचना देकर मृतक के सैंपल को कोविड-19 टैस्ट के लिए भेज दिया गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के घर वालों ने बताया कि वह रविवार सुबह ऑटो लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। जबकि पुलिस के माध्यम से उसे सुबह नीरज के शव मिलने की सूचना मिली थी।

ashwani

Advertising