‘एक लड़की पांच दीवाने में’ दीवानों की दीवानगी
punjabkesari.in Wednesday, Mar 30, 2016 - 11:08 AM (IST)
.jpg)
चंडीगढ़, (एकता श्रेष्ठ): लड़कियों का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए आजकल लड़के अजीबोगरीब हरकतें करते हैं। हाल यह होता है कि एक -एक लड़की के कई दीवाने होते हैं लेकिन इन सब बातों के पीछे उनकी मानसिकता क्या होती है? यही दिखाया गया नाटक ‘एक लड़की पांच दीवाने में’। जिसका मंचन रंगभोर कार्यक्रम के तहत मंगलवार को पंजाब कला भवन में हुआ। अलंकार थिएटर की ओर से हरिशंकर परसाई द्वारा लिखित इस नाटक का मंचन किया गया। जिसका निर्देशन चक्रेश कुमार ने किया।
नाटक मध्यवर्ग की कमला नाम की एक ऐसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमता है जिसकी खूबसूरती का पूरा मोहल्ला दीवाना है। मौहल्ले के बीस से लेकर पचास साल के पुरू ष उसे अपनी प्रेमिका की नजर से देखते हैं। यह दीवानें उसे प्रभावित करने के लिए कुछ भी करने को हर पल तैयार रहते हैं। जिसके लिए पांच दीवाने उस लड़की की छोटी बहन की मदद करने में एक दूसरे से होड़ लेते हैं। इन दीवानों की दीवानगी लड़की को चतुर बना देती है। हास्य से भरपूर यह नाटक युवाओं की मनोस्थिति को दिखाती है। नाटक में बताने की कोशिश की गई है कि मध्यम वर्ग की लड़की प्रेम के उपर अर्थ और धन को प्राथमिकता देती है, लेकिन नाटक के अंत में लड़की इन सब दीवानों को नकार कर नाटक के सूत्रधार से शादी कर लेती है। उसकी शादी के बाद पांचों दीवानों को सांप सूंघ जाता है। नाटक में दीवानों का दर्द दर्शकों को खूब गुदगुदाता है। साथ ही यह संदेश देता है कि लड़कियां लड़कों की चापलूसी से नहीं उनकी काबलियत से प्रभावित होती हैं।
इन कलाकारों ने लिया भाग: नाटक में कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति देकर नाटक में जान डाल दी। जिसे दर्शकों ने बेहद सराहा। नाटक में प्रोमिला थापा,नितिन, प्रशांत, सचिन, अभिषेक सोनी, आर.कंबोज, मोहित शर्मा, स्वाति नेगी, तजिंद्र सिंह।
लड़कों की मानसिकता के बारे में बताया : जानकारी देते हुए अलंकार थिएटर ग्रुप के कलाकार ने कहा कि नाटक के जरिए लड़कों की मानसिकता के बारे में बताया गया है कि हर दीवाना बस इस उम्मीद में जीने लगता है कि वह लड़की एक दिन उसके प्रेम प्रस्ताव को स्वीकार कर लेगी। अगर लड़की ने कभी मुस्कुरा कर देख लिया तब तो उनका पागलपन चरम पर पहुंच जाता है।