चंडीगढ़ के DSP को दानिप्स कैडर में मर्ज करने के लिए ड्राफ्ट पालिसी जारी

punjabkesari.in Sunday, Apr 22, 2018 - 11:02 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. को जल्द ही यूनियन टेरीटरी में जाकर ड्यूटी करनी होगी। जून के बाद चंडीगढ़ कैडर डी.एस.पी. गृह मंत्रालय के दायरे में आ जाएंगे। उनके तबादले नैशनल कैपिटल टेरीटरी आफ दिल्ली, अंडेमान निकोबार द्वीप समूह, लक्ष्यदीप, दमनदीव समूह और नगर हवेली में होंगे। 

गृह मंत्रालय चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. को अब दिल्ली के डी.एस.पी., अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पुलिस सर्विसेज (दानिप्स) के कैडर मर्ज करने जा रहा है। गृह मंत्रालय द्वारा 20 अप्रैल को चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. को दानिप्स कैंडर में मर्ज करने के लिए नोटिफिकेशन के ड्राफ्ट पर सुझाव और आपत्ति को लेकर पुलिस विभाग को पत्र लिखा था।

एस.पी. हैडक्वार्टर ईश सिंगल ने गृह मंत्रालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन का ड्राफ्ट चंडीगढ़ पुलिस की वैबसाइट पर  अपलोड करवा दिया है ताकि चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. को दानिप्स कैडर में बदलने को लेकर किसी को कोई आपत्ति और सुझाव है तो तुरंत यू.टी.एस. के अंडर सेक्रैटरी हिटलर सिंह को ईमेल करें। सुझाव और आपत्ति सिर्फ 19 मई तक दे सकते हैं। 

इसके बाद गृह मंत्रालय चंडीगढ़ के डी.एस.पी. को दानिप्स कैडर में बदल देंगे। इससे पहले गृह मंत्रालय ने 8 फरवरी, 2018 को नोटिफिकेशन जारी कर चंडीगढ़ पुलिस में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पुलिस सर्विसेज (दानिप्स) कैडर के 6 डी.एस.पी. की मंजूरी दी थी। 

चंडीगढ़ के डी.एस.पी. को दानिप्स कैडर में जल्द मर्ज करने का आश्वासन दिया था। अब दानिप्स कैडर के सिर्फ 6 डी.एस.पी. ही चंडीगढ़ में डेपुटेशन पर आएंगे। चंडीगढ़ पुलिस में इस समय डी.एस.पी. के कुल 23 पद हैं। इनमें 6 दानिप्स कैडर के हैं। 

डेपुटेशन पर रोक लगाना चाहते थे इंस्पैक्टर :
डी.एस.पी. प्रोमोशन को लेकर चंडीगढ़ पुलिस के इंस्पैक्टर गुरमुख सिंह, चरणजीत सिंह और दिलशेर ने कैट में याचिका दायर की थी। केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) ने याचिका पर सुनवाई करते हुए 26 अप्रैल को चार इंस्पैक्टरों गुरमुख सिंह, चरणजीत सिंह, उमराव सिंह और दिलशेर सिंह की डी.एस.पी. पद पर प्रोमोशन की अपील संबंधी याचिका को मंजूर कर लिया था। 

साथ ही बाहर से आने वाले दानिप्स कैडर के डी.एस.पी. की यू.टी. में तैनाती पर रोक लगाने के आदेश दिए थे। इसके बाद डी.एस.पी. गुरजीत कौर और इंस्पैक्टर श्री प्रकाश ने डी.एस.पी. की प्रोमोशन पाने के लिए कैट का दरवाजा खटखटाया था।  सैक्टर-31 थाने में एस.एच.ओ. तैनात इंस्पैक्टर गुरजीत कौर और पुलिस लाइन सैक्टर-26 में तैनात इंस्पैक्टर श्री प्रकाश ने डी.एस.पी. पद पर प्रोमोशन के लिए याचिका दायर की है। 

वापस जाने के मिल चुके हैं आदेश :
दानिप्स कैडर के 8 डेपुटेशन पर आए डी.एस.पी. को गृह मंत्रालय कई बार वापस बुला चुका है। इनमें डी.एस.पी. रश्मि यादव, डी.एस.पी. सतीश कुमार, डी.एस.पी. दीपक यादव, डी.एस.पी. पवन कुमार, डी.एस.पी. कृष्ण कुमार, डी.एस.पी. सुखराज कटेवा, डी.एस.पी. अंजिता चेपियाल और डी.एस.पी. राजीव अबस्ता शामिल हैं। 

गृह मंत्रालय सभी डी.एस.पी. के ट्रांसफर के आदेश दे चुका है। यू.टी.एस. के अंडर सेक्रैटरी हिटलर सिंह चंडीगढ़ प्रशासन को भी पत्र लिखकर डेपुटेशन पर आए डी.एस.पी. को रिलीव करने के आदेश जारी कर चुका है। लेकिन डेपुटेशन पर आए डी.एस.पी. न पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News