...तो इस वजह से करवाई गई पत्रकार KJ सिंह की हत्या

Wednesday, Oct 04, 2017 - 08:25 AM (IST)

चंडीगढ़(रमेश) : वरिष्ठ पत्रकार के.जे. सिंह व उनकी बुजुर्ग मां की हत्या का कारण के.जे. सिंह की प्रापर्टी थी, जिस कोठी में कत्ल हुआ है वह कोठी के.जे. सिंह की मां के नाम थी, लेकिन कुछ समय पहले विल तैयार की थी, जिसमें फेरबदल किए गए थे, जोकि हत्याओं का कारण बने। पुलिस की अब तक की इन्वेस्टिगेशन भी इसी दिशा में बढ़ी है। 

 

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार के.जे. सिंह और उनकी मां की हत्या कॉन्ट्रैक्ट किलिंग है यह तो स्पष्ट है लेकिन कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की बिसात किसने बिछाई यह पता नहीं चल पा रहा। परिवार में बहनें,भांजे व जीजा हैं, जिनसे कई दौर की पूछताछ हुई है, लेकिन पुलिस किसी परिणाम तक नहीं पहुंच पाई।  

 

पुलिस के अनुसार के.जे. सिंह की कॉल डिटेल में एक महिला का नंबर भी मिला है, जोकि के.जे. सिंह के संपर्क में थी और रातों को दोनों के बीच लंबी बात हुआ करती थी। उक्त महिला भी पुलिस के रडार पर थी, लेकिन हत्या की कोई वजह पुलिस नहीं ढूंढ पाई। 

 

के.जे. सिंह की प्रॉपर्टी के रूप में सिर्फ उनकी एक कोठी ही है, जहां उनका व उनकी मां का कत्ल किया गया। हत्या के लिए सुपारी दी गई यह पुलिस मान रही है यह भी साफ हो चुका है कि हत्यारे दो या उससे अधिक थे और किसी दूर राज्य से हायर किए गए थे।

 

पुलिस अभी किसी कन्क्लूजन तक नहीं पहुंच पाई है :
आई.जी. शशि प्रभा ने स्वीकार किया कि पुलिस अभी किसी कन्क्लूजन तक नहीं पहुंच पाई है। उनका मानना है कि किसी भी वारदात के आरंभिक दौर में सफलता मिल जाती है, लेकिन कई मामलो में सफलता नहीं मिलती और अगर समय गुजरता जाए तो इन्वेस्टिगेशन भी उलझ जाती है, यही के.जे. सिंह के मामले में हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस के प्रयास जारी हैं। 

Advertising