पंचकूला में कुत्तों का आतंक: 6 माह में डॉग बाइट के 2469 केस, निगम बेखबर
punjabkesari.in Wednesday, Jun 12, 2019 - 01:36 PM (IST)
पंचकूला (आशीष): शहर में आवारा कुत्तों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। पार्क में भी सैर करने से लोग डरने लगे हैं। रोजाना डॉग बाइट के करीब 15 मामले सैक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में सामने आए हैं।
शहर में 6 माह में 2469 मामले सामने आ चुके हैं। गर्मी बढ़ते ही शहर में आवार कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। इसमें 10 फीसदी लोग बलटाना, जीरकपुर, मनीमाजरा व चंडीगढ़ के हैं। बाकी सभी पंचकूला से अधिकतर केस सामने आए हैं।
निगम ने नहीं उठाया कोई कदम
आवारा कुत्तों को लेकर नगर निगम कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। स्ट्रे डॉग्स शहर के पार्कों में घूम रहे हैं। कुत्तों को अगर टीम पकड़ती है तो बाद में नसबंदी कर वहीं पर छोड़ जाती है। आवारा कुत्तों को रखने के लिए भी कोई स्थाई जगह नहीं है। जिस कारण सैर करने वाले लोगों को कुत्ते पार्कों में काट रहे हैं।
कुत्ते के काटने पर यह करें
सैक्टर-6 सिविल अस्पताल में मैडीसिन विभाग के एम.डी. डा. अश्विनी भटनागर ने बताया कि कुत्ते के काटने पर लोगों के सावधानी बरतनी चाहिए। जिस जगह पर कुत्ते ने काटा है। उसे साफ पानी से धोना चाहिए।
इससे घाव पर बैक्टीरिया फैलने का खतरा कम हो जाएगा। अगर घाव से खून बह रहा है तो उसे दबाएं नहीं। उस खून को बह जाने दें। इसके बाद एंटीबायोटिक क्रीम लगाएं। इस प्राइमरी ट्रीटमैंट के बाद तुरंत डाक्टर के पास जाएं। डाक्टर की सलाह पर एंटी रैबीज इंजैक्शन लगवाएं।