डॉक्टरों को अन्य विभागों का एडिशनल चार्ज, सर्जरी डिपार्टमैंट का काम प्रभावित

Tuesday, Nov 27, 2018 - 03:33 PM (IST)

चंडीगढ़ (साजन) : गवर्नमैंट मैडीकल कालेज एवं अस्पताल, सैक्टर 32 के सर्जरी डिपार्टमैंट के डाक्टरों की दूसरे विभागों में प्रशासनिक ड्यूटियां लगा दी गई हैं। विभाग के बहुत से डॉक्टर इस उठापटक से खुश नहीं हैं। उनकी दलील है कि सर्जरी के डॉक्टरों को एडिशनल चार्ज देना किसी भी तरह से वाजिब नहीं है। 

सर्जरी के डॉक्टरों को एडिशनल चार्ज देने से यहां की ओ.पी.डी. व गंभीर तरह के आपरेशन इत्यादि प्रभावित होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। एम.सी.आई. के आब्जैक्शन के बाद अस्पताल के पूर्व डायरैक्टर प्रो. अतुल सचदेवा को आब्सट्रेटिक्स व गायनी डिपार्टमैंट के हैड का अतिरिक्त कार्यभार छोडऩा पड़ा था। वह मैडीसिन के एच.ओ.डी. भी थे।

डा. राजीव बोले, जो काम सौंपा है, हर हाल में करना होगा
सर्जरी डिपार्टमैंट के एच.ओ.डी. के पद पर डा. ए.के. अत्री तैनात हैं। सर्जरी डिपार्टमैंट के ही डा. राजीव शर्मा जी.एम.सी.एच.-32 के पी.आर.ओ. भी हैं, उनको आब्सट्रैटिक्स एवं गायनोकोलॉजी का चार्ज दिया गया है। डॉ. राजीव शर्मा को तो इस पर कोई ऐतराज नहीं। उनका कहना है कि यह प्रशासन की मर्जी है कि उन्हें क्या चार्ज देना है या नहीं। अगर ऐसा किया गया है तो इस पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं। जो काम सौंपा गया है उसे हर हाल में करना होगा। 

डायरैक्टर को जानकारी नहीं
जी.एम.सी.एच.-32 के डायरैक्टर प्रो. बी.एस. चवन का कहना है कि उन्हें प्रो. राजीव शर्मा को दूसरे विभाग का चार्ज सौंपने की तो जानकारी है, लेकिन इस विभाग से अन्य किसी डाक्टर के बारे में इस तरह की कोई जानकारी नहीं।

पांच डाक्टरों को एडिशनल चार्ज
सर्जरी डिपार्टमैंट के ही डा. मयंक को ज्वाइंट मैडीकल सुपरिंटैंडैंट का चार्ज सौंपा गया है। डा. ऊषा दलाल को नर्सिंग कालेज की वाइस प्रिंसिपल का चार्ज दिया गया है। डा. अश्वनी दलाल को डिप्टी मैडीकल सुपरिंटैंडैंट का एडिशनल चार्ज दिया गया है। डा. महेश को यूरोलॉजी का एडिशनल चार्ज दिया गया है। 

bhavita joshi

Advertising