ऐसा रहा जिला अदालत का 2016, आप भी डालें एक नजर...

punjabkesari.in Saturday, Dec 31, 2016 - 10:47 AM (IST)

मोहाली(राणा) : भले ही जिला अदालत को नया ज्यूडीशियल काम्पलैक्स मिल गया है। लेकिन अभी लोगों की मुश्किल कम नहीं हो पाई। नए ज्यूडीशियल काम्पलैक्स में आने वाले लोगों की गाडिय़ों के लिए पार्किंग का इंतजाम नहीं हो पाया है। जिससे लोगों को सड़कों पर गाडिय़ां पार्क करनी पड़ती है। इसके अलावा वकीलों को पक्के चैंबर भी नहीं मिल पाए। अब जाकर काम शुरू हुआ है। उम्मीद है कि अगले साल तक काम पूरा होगा।    

 

कई केसों में विजीलैंस की कहानी पड़ी कमजोर :
विजीलैंस ने साल 2016 में सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार फैला रहे कई लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, कई पुराने मामलों में अदालत में विजीलैंस की कहानी कमजोर पड़ी। जिससे कई लोग आसानी से बच निकलने मेें कामयाब भी रहे। वहीं फेज-9 में नौ वर्षीय आस्ट्रेलिया में पैदा हुए बच्चे को घर से किडनैप कर लिया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। उक्त मामले में अदालत ने करीब एक साल बाद मेहरम के पड़ोस में रहने वाले तेजिंदर सिंह गंज्जू को दोषी करार दिया। साथ ही उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी।

 

कैप्टन को क्लीन चिट :
पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने कुछ समय पहले उस समय चौंका दिया। जब विजीलैंस ने जिला अदालत में एक एप्लीकेशन दायर कर कहा कि वह अमृतसर इंप्रूवमैंट ट्रस्ट में क्लीनचिट देना चाहती है। क्योंकि उनमें जांच में अभी तक कुछ नहीं मिला है। इसके बाद अदालत ने विधानसभा के अधिकारी को इस संबंधी नोटिस जारी कर अदालत में दाखिल होने को कहा। अदालत में अधिकारी ने कहा कि उन्हें केस कैंसल करने पर कोई आपत्ति नहीं है। 

 

कई बार कुर्क हुआ पुडा भवन :
पुडा ने कई प्रोजैक्टों के लिए जिले के विभिन्न इलाकों से जमीन एक्वायर की हुई है। लेकिन अभी तक कई लोगों को अपनी जमीन का मुआवजा नहीं मिल पाया है। ऐसे ही केसों में अदालत ने कई बार पुडा भवन व पुडा के बैंकों खातों को कुर्क करने के आदेश दिए।

 

नशे के खिलाफ जज व अधिकारी दौड़े :
शहर में एक मौका तो ऐसा आया। जब जज और जिले के सीनियर अधिकारी एक साथ दौड़े। जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी की तरफ से इस संबंधी एक प्रोग्राम आयोजित किया गया था। प्रोग्राम फेज-छह में करवाया गया था।

 

नाइपर में पहुंची सी.बी.आई., डायरैक्टर समेत कई पर केस :
13 फरवरी को सी.बी.आई. ने नाइपर में दबिश दी। इस दौरान करोड़ों रुपए के घोटाले में सी.बी.आई. ने संस्थान के डायरैक्टर समेत कई लोगों पर केस दर्ज किया था। यह पहला मौका था जब सी.बी.आई. में नाइपर पहुंची थी। इसके अलावा संस्थान के खिलाफ कई लोगों ने पी.एम. को पत्र तक लिखा था।

 

आंतकी मसूद अजहर के मोहाली से निकले वारंट :
पठानकोट एयरबेस के आंतकी हमले के मास्टर माइंड जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पहले मोहाली अदालत ने ओपन वारंट जारी किए थे। इसके बाद इसी मामले में दिसंबर माह में नैशनल इन्वैस्टीगेशन एजैंसी एन.आई.ए. ने अदालत में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की। 

 

नौकरी घोटाले के विजीलैंस ने खोले कई राज :
पंजाब विजीलैंस ब्यूरो की टीम ने विभिन्न सरकारी विभागों मे पैसे देकर नौकरी दिलाने वाले एक गिरोह का खुलासा किया था। वहीं, इस गिरोह के पुलिस ने कई लोग दबोचे। इसके अलावा इस घोटाले के सामने आने के बाद सत्ताधारी दल के कई राजनीतिक दलों पर भी सवाल उठे है। 

 

इन केसों पर इस साल रहेगी निगाह :
1. 42 लाख की जाली करेंसी में पकड़े गए अभिनव वर्मा व उसके साथियों चल रहा केस।
2. एडवोकेट अमरप्रीत सिंह सेठी हत्याकांड में फैसला आने की उम्मीद
3. ड्रग तस्कर जगदीश भोला का मामला
4. खेती बाड़ी विभाग के पूर्व डायरेक्टर का मामला
5. सड़कों पर लगे बालमखीरों को हटाने का मामला


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News