राष्ट्रपति चुनाव में 88 विधायकों ने विधानसभा में किया मतदान

punjabkesari.in Monday, Jul 18, 2022 - 07:47 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल/पांडेय): हरियाणा विधानसभा परिसर में सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया सुचारू, शांतिपूर्ण एवं संतोषजनक ढंग से सम्पन्न हुई। मतदान में हरियाणा विधानसभा के 90 विधायकों में से 88 विधायकों ने अपने मत का प्रयोग किया। राष्ट्रपति चुनाव के लिए नियुक्त सहायक रिटर्निंग अधिकारी राजेंद्र कुमार नांदल ने बताया कि चुनाव आब्जर्वर डॉ. चंद्रशेखर कुमार की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू हुई और सायं 5 बजे तक चली। प्रात: स्ट्रांग रूम खोलने के बाद चुनाव सामग्री को पोलिंग स्टेशन पर लाया गया। इसके बाद सभी विधायकों ने अपने मत का प्रयोग किया। कांग्रेस के असंतुष्ट विधायक कुलदीप बिश्नोई ने संसद भवन में मतदान किया, जबकि जजपा विधायक नैना चौटाला विदेश में होने के कारण मतदान नहीं कर सकी। नांदल ने बताया कि चुनाव संपन्न होने के बाद मत पेटी को विधानसभा में बनाए गए स्ट्रांग रूम में पूरी सुरक्षा के बीच रखवाया गया। चुनाव संपन्न करवाने में मुख्य निर्वाचन हरियाणा अधिकारी अनुराग अग्रवाल, सहायक रिटर्निग अधिकारी विष्णु देव, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी हेमा शर्मा , संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अपूर्व, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजकुमार, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार, सहित विधानसभा एवम निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने अपनी भूमिका निभाई।
 

 

शहरी निकाय मंत्री डा. कमल गुप्ता ने डाला पहला वोट 
राष्ट्रपति चुनाव में सोमवार सुबह सबसे पहले मतदान शहरी निकाय मंत्री डा. कमल गुप्ता ने किया। उसके बाद भाजपा विधायक घनश्याम अरोड़ा ने दूसरा वोट किया। सबसे पहले भाजपा और जजपा विधायकों ने मतदान किया, उसके बाद फिर कांग्रेस और इनैलो व निर्दलीय विधायकों ने मतदान किया। इनैलो विधायक अभय सिंह चौटाला, निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू और हलोपा विधायक गोपाल कांडा ने दोपहर बाद आखिरी समय में मतदान किया।
 

 

मतदान के लिए एक साथ विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक 
राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के लिए कांग्रेस विधायक एक साथ विधानसभा पहुंचे। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के निवास पर कांग्रेस विधायकों ने लंच कर वोट देने की रणनीति बनाई थी। कांग्रेस के 30 विधायकों ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के पक्ष में मतदान किया है।
 

 

ऐतिहासिक मतों से द्रौपदी मुर्मू बनेंगी देश की राष्ट्रपति : दुष्यंत 
मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ऐतिहासिक मतों से जीतकर देश की राष्ट्रपति बनेंगी। वह कमेरे वर्ग की आवाज को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाएंगी। यशवंत सिन्हा के बयान पर दुष्यंत ने कहा कि जो एक जगह पर रहे वो व्यक्ति अंतरआत्मा की बात करें तो बेहतर होगा। विपक्ष में बहुत सारे लोग द्रौपदी मुर्मू को वोट करना चाहते हैं, इसलिए कांग्रेसी अंतरआत्मा की आवाज सुनें। द्रौपदी मुर्मू से बेहतर उम्मीदवार कोई नहीं है। वहीं एन.डी.ए. के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को लेकर दुष्यंत ने कहा कि उनसे हमारा चार पीढिय़ों का नाता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News