डाक्टरों की सेवानिवृत्ति आयु 62 साल करने पर हो रहा है विचार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 05, 2016 - 09:04 AM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सकों की कमी के मद्देनजर उनकी रिटायरमैंट आयु 62 वर्ष करने पर विचार किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।   

 

इसके अलावा, चिकित्सकों की सिविल सर्जन पद पर पदोन्नति के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा है। विज ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने के लिए सभी 163 होम्योपैथिक चिकित्सकों को अत्याधुनिक होम्योपैथी सॉफ्टवेयर राडार से युक्त लैपटॉप व प्रिंटर देने के आदेश दिए हैं। 

 

इस सॉफ्टवेयर के आने से न केवल मरीजों का पूरा रिकार्ड अस्पताल में रखा जा सकेगा, बल्कि चिकित्सकों को मरीज की बीमारी के अनुसार दवाइयों का पता लगाने में भी सहायता मिलेगी। विज ने कहा कि प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों का कैडर बनाया जाएगा, जिसके पश्चात विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती की जाएगी।

 

 इसके साथ ही प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए सभी 550 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पी.एच.सी.) में 1 आयुर्वैदिक चिकित्सक, 1 एम.बी.बी.एस. तथा 1 बी.डी.एस. चिकित्सक को नियुक्त किया जाएगा। इसके पहले चरण में 124 आयुर्वैदिक चिकित्सकों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में शीघ्र ही तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही, जिन पी.एच.सी. पर 1 से अधिक एम.बी.बी.एस. चिकित्सक होंगे, उन्हें अन्य स्थानों पर तैनात किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News