डिस्को के अंदर लड़की से छेड़छाड़, ब्वॉयफ्रैंड के विरोध करने पर पेट में घोंपी बोतल

Monday, Apr 16, 2018 - 08:27 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : सैक्टर-26 स्थित एक डिस्को के बाहर शनिवार रात एक युवक ने दूसरे युवक के पेट में कांच की बोतल तोड़कर घोंप दी। सैक्टर-26 थाना पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 

आरोपी की पहचान सैक्टर-22 निवासी पुनीत के तौर पर हुई है और घायल युवक की पहचान सोनीपत के रहने वाले कर्मजीत के तौर पर हुई। उसे सैक्टर-32 अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आरोपी सैक्टर-22 मार्कीट में कपड़े की दुकान करता है, जबकि कर्मजीत सोनीपत में खेतीबाड़ी करता है। 

डांस करते वक्त पुनीत ने कर्मजीत की गर्लफ्रैंड से की छेड़छाड़ :
जांच में सामने आया कि सोनीपत निवासी कर्मजीत गर्लफ्रैंड के साथ शनिवार रात सैक्टर-26 स्थित डिस्को आया था। दोनों डिस्को में डांस कर रहे थे। इसी दौरान पुनीत भी उनके पास आकर डांस करने लगा। पुनीत ने डांस करते हुए कर्मजीत की गर्लफ्रैंड से छेड़छाड़ शुरू कर दी। कर्मजीत ने विरोध किया तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। यहां लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कर करवा दिया था। 

कुछ समय बाद कर्मजीत गर्लफ्रैंड के साथ डिस्को से बाहर निकला तो पुनीत उसे बाहर मिला। दोनों के बीच फिर झगड़ा शुरू हो गया और फिर पुनीत ने हाथ में पकड़ी कांच की बोतल तोड़कर कर्मजीत पर हमला कर दिया। हमले में पुनीत ने कर्मजीत के पेट और बाजू में टूटी हुई बोतल से वार करते हुए उसे लहूलुहान कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पुनीत को काबू कर घायल कर्मजीत को सैक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया। 

उसकी हालत देखते हुए डाक्टरों ने उसे सैक्टर-32 अस्पताल में रैफर कर दिया। कर्मजीत की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने पुनीत के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जिला अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। 

Punjab Kesari

Advertising