इनैलो ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ किया प्रदर्शन

punjabkesari.in Monday, Apr 12, 2021 - 08:27 PM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): इंडियन नैशनल लोकदल (इनैलो) ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ सभी 22 जिलों में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान इनैलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने रोहतक, राष्ट्रीय उप-प्रधान प्रकाश भारती ने पंचकूला, पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय संगठन सचिव श्याम सिंह राणा ने यमुनानगर, पूर्व मंत्री राजकुमार वाल्मीकि ने पानीपत, पूर्व विधायक ओम प्रकाश बरवा ने महेंद्रगढ़, व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सतीश जैन ने गुरुग्राम, पूर्व विधायक रेखा राणा ने भिवानी, अर्जुन चौटाला ने अम्बाला और कर्ण चौटाला एवं सुनैना चौटाला ने सिरसा जिले में प्रदर्शन की अगुवाई की और जिला उपायुक्तों को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

 


ज्ञापन के जरिये इनैलो ने हरियाणा सरकार का ध्यान बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी की तरफ दिलाने का प्रयास किया। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण पैट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं जिस कारण लोगों की रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के साथ-साथ फसलों के लागत मूल्यों में भारी वृद्धि हुई है। बेरोजगारी में हरियाणा देश में पहले स्थान पर पहुंच चुका है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में बेरोजगारी दर 28.1 प्रतिशत पर पहुंच गई है जिससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों की वजह से महंगाई और बेरोजगारी दर लगातार बढ़ रही है।


इनैलो ने सरकार से मांग की कि महंगाई पर लगाम लगाए, रोजगार के अवसर प्रदान करे और गेहूं खरीद के लिए मंडियों में तुरंत प्रभाव से बारदाने का उचित प्रबंध करते हुए किसान की पूरी फसल खरीद कर भुगतान समय पर करवाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Vikash thakur

Recommended News

Related News