अमन अरोड़ा ने पुडा भवन में की औचक चैकिंग
punjabkesari.in Tuesday, Dec 27, 2022 - 09:30 PM (IST)

चंडीगढ़,(अश्वनी): लोगों को पारदर्शी और निॢवघ्न ढंग से समय पर सेवाएं सुनिश्चित बनाने के लिए पंजाब के आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री अमन अरोड़ा ने आज शाम पुडा भवन में औचक चैकिंग की। कैबिनेट मंत्री ने प्रमुख सचिव आवास निर्माण एवं शहरी विकास अजोए कुमार सिन्हा के साथ अलग-अलग शाखाओं का दौरा करके अधिकारियों पर काम के बोझ और उनके स्तर पर बकाया पड़े मामलों का जायजा लिया।
अधिकारियों और कर्मचारियों पर काम के बोझ को तर्कसंगत करने के लिए कहते हुए अमन अरोड़ा ने स्पष्ट तौर पर कहा कि काम के प्रति ढिलाई वाले रवैए को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और फाइलों का निर्णय न करने पर संबंधित अधिकारी/ कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करके व्यवस्था में सुधार करने के लिए सत्ता में आई है। आवास निर्माण एवं शहरी विकास विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ और सेवाएं प्रदान करने में देरी के प्रति जीरो टोलरैंस नीति को अपनाया है। विभाग ने हाल ही में 42 अधिकारियों को ड्यूटी में लापरवाही के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए थे और 3 अधिकारियों को चार्जशीट भी किया था।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आवास निर्माण एवं शहरी विकास विभाग ने एक ऑनलाइन सिस्टम विकसित किया है, जिसके अंतर्गत विभाग में आने वाली अर्जियां और फाइलों की उनकी तरफ से खुद निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि आवेदनों के निपटारे में अनावश्यक देरी के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है और भ्रष्ट गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है, जो बिल्कुल भी स्वीकारयोग्य नहीं है। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि यदि किसी को अपनी ड्यूटी निभाने में कोई मुश्किल पेश आती है तो वह मदद के लिए हर समय उपस्थित हैं, परंतु ड्यूटी के दौरान ईमानदारी और पारदॢशता को पहल दी जाए।