मुख्यमंत्री ने की पंचकूला में विकास शुल्क कम करने की घोषणा

Tuesday, Mar 02, 2021 - 09:02 PM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): पंचकूला के समग्र विकास को सुनिश्चित करने और निवेशकों को आकॢषत करने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने आज पंचकूला में विभिन्न विकास शुल्क और करों को लगभग एक तिहाई कम करते हुए इन्हें मोहाली और जीरकपुर के बराबर लाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने आज प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पंचकूला के विकास को सुनिश्चित करने के लिए ई.डी.सी. और आई.डी.सी. को मोहाली और जीरकपुर के बराबर लाने का निर्णय लिया गया है ताकि पंचकूला को स्मार्ट सिटी, पर्यटन स्थल और एजूकेशन हब के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि मोहाली को एयरपोर्ट का भी फायदा मिला है। 

 


मुख्यमंत्री ने कहा कि रैजिडैंशियल प्लॉट कालोनी के लिए ई.डी.सी./आई.डी.सी. की दरें अब 1.24 करोड़ रुपए प्रति एकड़ से कम करके 43.72 लाख प्रति एकड़ कर दी गई हैं। इसी प्रकार रैजिडैंशियल ग्रुप हाऊसिंग कालोनी के लिए ई.डी.सी./आई.डी.सी. की दरें 3.46 करोड़ रुपए प्रति एकड़ से कम करके 1.17 करोड़ रुपए प्रति एकड़ की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाणिज्यिक कालोनी के लिए ई.डी.सी./आई.डी.सी. की दर 5.88 करोड़ रुपए प्रति एकड़ से घटाकर 1.52 करोड़ प्रति एकड़ की गई हैं। दीन दयाल जन आवास योजना के लिए ई.डी.सी./आई.डी.सी. की दर 93.44 लाख रुपए प्रति एकड़ से कम करके 32.89 लाख रुपए प्रति एकड़ की गई हैं।


मनोहर लाल ने कहा कि अफोर्डेबल ग्रुप हाऊसिंग कालोनी के लिए ई.डी.सी./आई.डी.सी. की दर 89.11 लाख रुपए प्रति एकड़ से कम करके 38.87 लाख प्रति एकड़ कर दी गई है। इसी प्रकार वेयरहाऊस/कोल्ड स्टोरेज के लिए ई.डी.सी. / आई.डी.सी. की दर अब 14.30 लाख रुपए प्रति एकड़ तय की गई है, जबकि पहले यह दर 2.96 करोड़ रुपए प्रति एकड़ थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग के लिए ई.डी.सी./आई.डी.सी. की नई दर अब 14.30 लाख रुपए प्रति एकड़ तय की गई है, जबकि पहले यह दर 2.94 करोड़ रुपए प्रति एकड़ थी। इसी प्रकार संस्थानों के लिए ई.डी.सी./आई.डी.सी. की दर 77 लाख रुपए प्रति एकड़ से घटाकर 8.68 लाख रुपए प्रति एकड़ की गई है।


उन्होंने कहा कि मैरिज पैलेस/ बैंक्वेट हॉल/ होटल के लिए ई.डी.सी./आई.डी.सी. की दरें घटाकर 25.26 लाख रुपए प्रति एकड़ की गई है, जबकि पहले यह दर 3.17 करोड़ रुपए प्रति एकड़ थी। इसी प्रकार पैट्रोल पंपों के लिए ई.डी.सी./आई.डी.सी. की दर 3.42 करोड़ रुपए प्रति एकड़ से घटाकर 43.29 लाख प्रति एकड़ कर दी गई है। अस्पतालों के लिए ई.डी.सी./आई.डी.सी. की दर 17.31 लाख रुपए प्रति एकड़ तय की गई है, जबकि पहले यह दर 77 लाख रुपए प्रति एकड़ थी।
 

Vikash thakur

Advertising