24 दिन तक मौत से लडऩे वाला सोहेल हार गया जिंदगी की जंग, तोड़ा दम

punjabkesari.in Sunday, Apr 28, 2019 - 10:58 AM (IST)

पिंजौर(रावत) : स्कूल में गिरने से जख्मी हुआ 5 साल का मासूम सोहेल 24 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लडऩे के बाद आखिरकार शनिवार को हार गया। चंडीगढ़ के जी.एम.सी.एच.-32 में इलाज के दौरान सोहेल ने सुबह दम तोड़ दिया। वहीं, पुलिस ने अब स्कूल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही से छात्र की मौत होने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

जन्मदिन पर बड़ा केक लाने की कर रहा था जिद :
पुलिस स्टेशन में बिलखते हुए सोहेल के पिता अशोक ने बताया कि 25 अप्रैल को सोहेल का जन्मदिन था। सोहेल पिछले माह से ही अपने पिता से इस बार जन्मदिन पर बड़ा केक लाने की जिद कर रहा था। 

अशोक ने बताया कि उसे नहीं पता था कि इस तरह सोहेल स्कूल की लापरवाही का शिकार हो जाएगा। अशोक ने भी पुलिस से स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। 

प्री-नर्सरी क्लास में पढ़ता था सोहेल :
5 वर्षीय छात्र सोहेल के पिता अशोक कुमार व मां रीता देवी ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। दोनों गांव के ही प्राइवेट स्कूल लिटिल फ्लावर हाई स्कूल में पढ़ते हैं। 3 अप्रैल को उनका बेटा सोहेल जो प्री नर्सरी कक्षा में पढ़ता है, छुट्टी के बाद घर रोते हुए आया। उसकी आंखें भी लाल थी। परिजन उसे गांव के एक डॉक्टर के पास ले कर गए। उसने सोहेल की हालत बिगड़ते देख उसे सैक्टर-6 सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। 

सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ के सैक्टर-32 के सरकारी हॉस्पिटल भेज दिया। तभी से वह कोमा में था। बच्चे सोहेल के पिता अशोक कुमार ने बताया कि घटना के बाद जब वो स्कूल में उसके स्टाफ से घटना के विषय में बात करने गए तो उन्होंने पल्ला झाड़ दिया। अशोक ने बताया कि स्कूल की तरफ से न ही कोई उनकी और न ही बच्चे की खबर लेने आया। अशोक ने कहा कि अगर स्कूल स्टाफ लापरवाही न दिखाते हुए सोहेल को समय रहते अस्पताल ले जाता तो उसकी ऐसी हालत न होती। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News