मामूली झगड़े में पड़ोसी का सिर दीवार में मारा, मौत

Friday, Nov 29, 2019 - 09:31 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : मामूली झगड़े के चलते गांव फैदां में किराए के कमरे में अपने साथी के साथ रहने वाले सुनील की हत्या करने के मामले में सैक्टर-31 थाना पुलिस ने हत्यारोपी सुबोध के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने सुनील के शव को जी.एम.सी.एच.-32  के शवघर में रखवा दिया है। 

बिहार से सुनील के परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस को दिए बयानों में गांव फैदा निवासी दर्शन ने बताया कि उसने अपने गांव में कुछ कमरे बना कर किराए पर दिए हैं। उसके एक कमरे में बिहार स्थित गांव चंद्रहाया निवासी सुबोध किराए पर रहता है और दूसरे कमरे में बिहार का ही रामविले रहता है। कुछ दिन पहले ही रामविले का जानकार बिहार निवासी सुनील उसके कमरे में आया था और उसके साथ ही रह रहा था। तीनों लेबर का काम करते हैं। 

मकान मालिक से कहा, अस्पताल ले जा रहा हूंं :
बुधवार को सुबोध एक ऑटो में सुनील को अपने साथ लेकर जा रहा था। इस समय सुनील अचेत हालत में था। यह देख दर्शन ने सुबोध से पूछा की सुनील को लेकर कहां जा रहा है? इस पर सुबोध ने बताया कि सुनील ने ज्यादा शराब पी ली थी। उसकी तबीयत खराब है और वह उसे अस्पताल ले जा रहा है। इसके बाद सुबोध, सुनील को ऑटो में अपने साथ लेकर चला गया। इसके बाद दर्शन को पता चला कि सुनील का शव मोहाली पुलिस को फेज-11 में मिला है। 

इसके बाद सुबोध ने दर्शन को कॉल कर बताया कि उसका किसी बात को लेकर सुनील के साथ झगड़ा हो गया था और इस दौरान ही उसने सुनील का सिर दीवार में दे माकर उसकी हत्या कर दी थी, जिसके लिए उसे बेहद खेद है। इसके बाद दर्शन ने उसे कहा कि वह उसे आकर मिले लेकिन इसके बाद सुबोध ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया।

Priyanka rana

Advertising