वाहन की टक्कर से जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय की मौत

Friday, Nov 22, 2019 - 10:23 AM (IST)

पंचकूला(मुकेश) : सैक्टर 12-14 की डिवाइडिंग रोड पर बुधवार रात दो बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार जोमैटो कंपनी के एक डिलीवरी ब्वॉय की मौत हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है। 

हादसे की सूचना मिलने पर पी.सी.आर. नंबर-8 के ई.एच.सी. मनजीत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। सैक्टर-12 के एंट्री कट के समीप पर उन्हें लहूलुहान हालत में सन्नी मिला। वहीं उसकी क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी मिली। सन्नी को इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सैक्टर-14 थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 

डिलीवरी ब्वॉयज ने ठप्प रखा काम :
पुलिस घटनास्थल के पास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की जांच कर रही है। सन्नी के भाई रविंद्र ने बताया कि पहले पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया कि घटनास्थल के सी.सी.टी.वी. कैमरे खराब हैं और फिर उनके ठीक होने की बात कही। 

वहीं, हादसे से गुस्साए सन्नी के दोस्तों ने वीरवार को कोई डिलीवरी नहीं उठाई। इससे मार्कीट के दुकानदार परेशान रहे। उन्हें ऑर्डर तो मिलते रहे लेकिन डिलीवरी ले जाने को जोमेटो ब्वॉयज नहीं थे।

Priyanka rana

Advertising