करंट ने ली दो लोगों की जान

Sunday, Aug 25, 2019 - 09:46 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील/राय) : बरसात के मौसम में करंट लगने से दड़वा में राज मिस्त्री और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में सफाई कर्मी की मौत हो गई। राज मिस्त्री को  मकान मालिक ने जी.एम.एस.एच.-16 पहुंचाया जबकि सफाई कर्मी को पुलिस ने जी.एम.सी.एच-32 पहुंचाया, जहां पर दोनों को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

मृतकों की पहचान दड़वा निवासी राज मिस्त्री दिनेश कुमार और रामदरबार निवासी सफाई कर्मी जगबीर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। सफाई कर्मचारी यूनियन ने मृतक जगबीर सिंह के परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मुआवजा दिए जाने की मांग की। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने दोनों मामलों में डी.डी.आर. दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

दड़वा में राजमिस्त्री आया चपेट में :
दड़वा निवासी दिनेश कुमार राज मिस्त्री का काम करता है। वह दड़वा के पास राजबाग बोरी वाली गली में मकान बना रहा था। शुक्रवार सुबह सात बजे दीवारों की तराई करने के लिए बिजली का प्लग लगाने लगा। 

प्लग के पास बिजली की नंगी तार होने के कारण दिनेश उसकी चपेट में आ गया और जोरदार करंट लगते ही चिलाकर जमीन पर गिरा। मकान मालिक ने मिस्त्री के चिल्लाने की आवाज सुनी तो मौके पर देखा तो वह नीचे गिरा हुआ था। दिनेश मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक दिनेश के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। उनके आने के बाद पुलिस मामले में कार्रवाई करेगी। 

सफाई कर्मचारी यूनियन मामला दर्ज करने पर अड़ी :
सफाई यूनियन सहित गारबेज कलैक्टर्स ने घटना में लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए बिजली विभाग के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। घटना के बाद निगम के दो पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली और भरत कुमार औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचे। एरिया पार्षद देवशाली निगम की सेनीटेशन कमेटी के चेयरमैन भी हैं। कमेटी के सदस्य पार्षद भरत का कहना था कि वह हादसे का शिकार हो रहे सफाई कर्मियों का मसला निगम सदन की बैठक में उठाएंगे। 

फेज-1 में सफाई कर्मी को भी लगा करंट :
बिजली विभाग की लापरवाही के चलते टूटी हुई तार की चपेट में आने से सफाई करते वक्त नगर निगम के सफाई कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान राम दरबार फेज-1 निवासी जगबीर सिंह (52) के रूप में हुई। 

जगबीर सिंह के दो बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार जगबीर रोज की तरह वह शनिवार सुबह इंडस्ट्रीयल एरिया के फेज-1 में हाजिरी लगवाकर काम करने लगा तो अचानक से रोड के पास टूटी हुई नंगी तार की चपेट में आ गया। इसके चलते सफाई कर्मी जगबीर सिंह जमीन पर गिर गया। आसपास के लोग इकट्ठे हो गए, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी।

मौके पर नहीं पहुंचा कोई निगम अधिकारी :
सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान कृष्ण कुमार चड्ढा और गारबेज कलैक्शन सोसायटी के चेयरमैन ओम प्रकाश सैनी समेत कई सदस्य मौके पर पहुंचे। 

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मृतक सफाई कर्मी जगबीर सिंह के परिवार को सरकार की तरफ से उचित मुआवजा, परिवार में से किसी को नौकरी और अन्य सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन की तरफ से कोई भी मांग पूरी नहीं की जाती तो वह दाह संस्कार नहीं करेंगे। यूनियन का यह भी कहना है कि एम.ओ.एच. विंग से नगर निगम के अधिकारी और मेयर कोई भी सफाई कर्मी को देखने नहीं पहुंचे।

Priyanka rana

Advertising