युवती को गला घोंटकर मारा, पुलिस स्टेशन से 500 मीटर दूर जलाया शव

punjabkesari.in Sunday, Apr 28, 2019 - 09:58 AM (IST)

पंचकूला(चंदन) : मनसा देवी कॉम्पलैक्स (एम.डी.सी.) थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर एक युवती का जला हुआ शव मिला है। पुलिस ने पी.सी.आर. इंचार्ज सतीश कुमार के बयानों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना की सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद महिला पुलिस मौके पर पहुंची। 

इस वारदात को अंजाम देने वाला कातिल इतना शातिर है कि वह थाने से कुछ मीटर की दूरी पर लाश को जलाकर चला गया और पुलिस को पता तक नहीं चला, जिसकी वजह से एम.डी.सी. थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा हो गया है। 

शनिवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एम.डी.सी. के पास किसी लड़की का शव सड़क के किनारे पड़ा है उसमें से धुआं निकला रहा है। सूचना पाते ही एम.डी.सी थाने के एस.एच.ओ विजय कुमार पुलिसकर्मियोंं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। युवती की पहचान मिटाने के लिए शव को आग केहवाले किया गया।

बोरी में डालकर लाया गया शव
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि युवती का पहले चुन्नी से गला घोंटा गया, जिस कारण उसकी मौत हो गई थी। क्योंंकि उसके गले पर चुन्नी की गांठ दिखाई दे रही थी। इसके बाद शव को एक बोरी में डालकर लाया गया और एम.डी.सी. स्थित गैस गोदाम के पीछे हत्यारे ने अंधेरे में युवती के शव को जला दिया। बताया जा रहा है कि  युवती के शव को सुबह 4-5 बजे के बीच में जलाया गया है, क्योंकि युवती के शव से सुबह 6 बजे तक धुआं निकल रहा था।

सुरक्षा चाक-चौबंद होने के दावे फेल
बता दें कि जिस इलाके में युवती का शव मिला है। उसकी दूरी मनसा देवी पुलिस स्टेशन से करीब 500 मीटर की है। वहीं पुलिस का लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने का दावा किया जा रहा है। इसके बावजूद इतनी बड़ी वारदात का घटित होना पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करता है। 

मृतका की नहीं हो सकी पहचान
मौके पर डॉक स्क्वायड और फोरैंसिक टीम पहुंची। फोरैंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। युवती की लाश की सूचना पाकर मौके पर डी.सी.पी पंचकूला कमलदीप गोयल,ए.सी.पी नूपुर बिश्नोई,डिटेक्टिव स्टाफ, क्राइम ब्रांच-26 व क्राइम ब्रांच-19 के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। फिलहाल मृतक युवती की पहचान नहीं हो पार्ई है। जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

महिला ने दी थी सूचना
चश्मदीद महिला रंगीला ने बताया कि वह सुबह करीब 6 बजे टॉयलेट गई थी। इसी दौरान उसने देखा कि किसी का शव पड़ा है और उसमें से धुआं निकल रहा है। यह देखवह बुरी तरह से डर गई और भागते हुए झुग्गी में पहुुंची। इसके बाद उसने अन्य लोगों को बताया और पुलिस को फोन पर सूचित किया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

bhavita joshi

Recommended News

Related News