6 दिन से लापता नाबालिगा का मिला शव, मिले चाकू के चार निशान

punjabkesari.in Wednesday, Nov 15, 2017 - 08:36 AM (IST)

मोहाली(राणा) : सैक्टर-69 स्थित एक अस्पताल के सामने झाडिय़ों से 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव मिला है। शव गल चुका है और उस पर चाकू के चार निशान भी हैं। गौरतलब है कि लड़की सैक्टर-69 में एक वकील के घर केयर टेकर का काम करती थी और 9 नवम्बर से लापता थी। इस बारे में परिजनों ने फेज-8 थाना में शिकायत भी दी थी। थाना फेज-8 पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। 

 

पुलिस के मुताबिक दोपहर 3 बजे कूड़ा उठाने वाले ने बदबू आने पर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो झाडिय़ों से शव मिला। पड़ताल के बाद पुलिस को पता चला कि शव नौ तारीख को गायब लड़की का है। पुलिस ने शव सिविल अस्पताल की मार्चरी में भेज दिया। डी.एस.पी. सिटी-2 रमनदीप सिंह, एस.एच.ओ. राजीव कुमार और सी.आई.ए. इंचार्ज त्रिलोचन सिंह ने भी घटना स्थल का मुआयना किया। इलाके के सी.सी.टी.वी. रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।

 

जानकारी के मुताबिक उक्त लड़की 9 नवम्बर सुबह काम पर गई थी लेकिन शाम को घर वापस नहीं पहुंची। इस पर घरवालों ने फेज-8 थाने में शिकायत की जहां 363 किडनैपिंग, 366 के तहत केस दर्ज किया गया। मृतक के पिता नौरतन ने बताया कि करीब एक महीना पहले उत्तर प्रदेश स्थित अपने बड़ा गांव संबल गए थे। जहां उनके मकान के निर्माण का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि चार बेटियों समेत उनके आठ बच्चे हैं, जिनमें से मृतका तीसरे नंबर पर थी। उन्होंने बताया कि वह सैक्टर-90 में रहते हैं और मजूदरी का काम करते हैं।

 

मृतका को नहीं आता था मोबाइल चलाना :
मृतका के पिता ने बताया कि ज्योति अनपढ़ थी। साथ ही उसे मोबाइल चलाना भी नहीं आता है। वह करीब दो साल से वकील के घर पर काम करती थी। वह रोजाना 9 बजे काम पर जाती थी और शाम 5 बजे लौटती थी।

 

भाई ने बताया घर नहीं आई थी :
वकील मनदीप सिंह ने बताया कि ज्योति उनके घर से 9 तारीख को शाम सवा 4 बजे चली गई थी। अगले दिन ज्योति के छोटे भाई ने बताया था कि ज्योति घर नहीं आई है। उन्होंने शिकायत दी थी। इस बारे में मंगलवार को सूचना मिली थी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News