साइबर लुटेरे ने खाते से निकाले 50 हजार

Saturday, Feb 13, 2016 - 04:13 AM (IST)

 चंडीगढ़ (संदीप): मलोया मे रहने वाले आटो चालक को निशाना बनाते हुए साइबर लुटेरों ने उसके खाते में सेंध लगा 50 हजार की ट्रांजैक्शन कर ली।

 रंजीत ने यह रकम अपनी बहन की शादी के लिए जुटाई थी। लुटेरे ने खुद को बैंक कर्मी बता रंजीत से उसके ए.टी.एम. की जानकारी लेकर इस ठगी को अंजाम दिया। रंजीत ने इस घटना की पब्लिक विंडो पर शिकायत दी है। साइबर सैल टीम ने जांच शुरू कर दी है। 

2 दिन में साफ किए 50 हजार: पुलिस शिकायत के तहत रंजीत ने बताया कि 10 फरवरी को उसे कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को एस.बी.आई. की उस शाखा का कर्मी  बताया था जिसमें रंजीत का खाता है। उसने कहा की आपकी ए.टी.एम. कार्ड सुविधा सुचारू करने के लिए आपको ए.टी.एम. कार्ड की कुछ जानकारी देनी होगी। रंजीत से जानकारी हासिल करने के बाद 11 और 12 फरवरी को उसके खाते से करीब 50 हजार रुपए की ट्रांजैक्शन हो चुकी थी। शुक्रवार को जब वह बैंक गया और उसने पास बुक में एंट्री करवाई तो उसे पता चला कि उसके खाते से 2 दिन में 50 हजार रुपए की ट्रांजैक्शन हो चुकी है। इस पर उसने बैंक मैनेजर और पुलिस को शिकायत दी। 

बहन की शादी के आटो गिरवी रख खाते में जमा करवाए थे पैसे: रंजीत ने बताया कि वह आटो चलाता है और 22 फरवरी को उसकी छोटी बहन की शादी है। पैसे जुटाने के लिए ही उसने अपना आटो गिरवी रख किसी से यह 60 हजार रुपए उधार लिए थे उसने यह पैसे बैंक खाते में रखे थे।

 
Advertising