विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का मामला

Tuesday, Jun 26, 2018 - 11:43 AM (IST)

चंडीगढ़ (संदीप): 393 लोगों से विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने जिला अदालत में चालान दायर किया। चालान में सैक्टर-8 स्थित निजी कंसलटैंट के डायरैक्टर अरविंद, डायरैक्टर तनीशा, 2 कर्मियों जगत और गुरप्रीत को आरोपी बनाया है। 1200 पेज के चालान में पुलिस ने करीब 40 गवाह बनाए हैं। 

 

केस दर्ज करने के बाद करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी डायरैक्टर दंपति अरविंद और तनिशा की इसी साल 26 अप्रैल को गिरफ्तारी हुई थी। इससे पहले पुलिस ने 31 मार्च 2017 को आरोपी और कंपनी के कर्मी गुरप्रीत और जगत को गिरफ्तार कर लिया था। मामले की खुलासा 31 मार्च 2017 को हुआ था। 

 

इसमें लुधियाना निवासी रूपिंदर सिंह से तकरीबन पांच लाख रुपए की धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायत देकर पुलिस को बताया था कि अगस्त 2016 में उसकी पत्नी ने स्टडी वीजा पर आस्ट्रेलिया जाना था। इसके लिए उन्होंने सैक्टर-8 स्थित कंसलटैंट के मालिक अरविंद, गुरप्रीत व जगत को 4 लाख 94 हजार रुपए दिए थे। यह सारी पेमैंट उन्होंने आर.टी.जी.एस. के जरिए दी थी। 

 

लेकिन, काफी समय बाद भी आरोपियों द्वारा उनकी पत्नी को न तो विदेश भेजा गया और न ही पैसे लौटाए। इसके बाद वह उनके सैक्टर-8 स्थित ऑफिस पहुंचे। कंपनी की ओर से उन्हें एक चैक दिया गया, लेकिन जब उन्होंने चैक बैंक में लगाया तो वह बाऊंस हो गया। उन्होंने फिर से कंपनी के मालिक अरविंद से बात की लेकिन, उन्हें कोई संतुष्ट जवाब नहीं मिला। 

 

इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था, लेकिन इस दौरान कुछ दिनों के भीतर ही पुलिस के पास 350 से अधिक शिकायतें पहुंच गई। आरोपियों ने पंजाब, हरियाणा व अन्य कई जगह से वीजा लगवाने के लिए आने वाले लोगों से करोड़ों रुपए लिए हैं। ऐसे पुलिस के पास करीब 373 शिकायतें पहुंची थीं। 

Punjab Kesari

Advertising