ट्राईसिटी में रिकार्ड तोड़ 1310 केस, 3 मौतें

punjabkesari.in Monday, Apr 12, 2021 - 10:01 PM (IST)

चंडीगढ़, (पाल): ट्राईसिटी में सोमवार को कोरोना विस्फोट हो गया। एक ही दिन में रिकॉर्ड तोड़ 1310 नए केस मिले। चंडीगढ़ में 424, पंचकूला में 224 और मोहाली में सबसे ज्यादा 662 कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। तीनों ही शहरों में एक-एक मरीज की मौत भी हुई। चंडीगढ़ के नए मरीजों में 217 पुरुष और 207 महिलाएं हैं। जिस मरीज की मौत हुई, वह सैक्टर-41 निवासी 48 साल का पुरुष था। मरीज को कोविड के साथ ही कई दूसरी बीमारियां भी थीं।

 

अब तक शहर में 400 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। नए मरीजों के साथ ही 375 मरीज डिस्चार्ज भी हुए। अब एक्टिव मरीजों की संख्या 3355 हो गई है। कुल मरीज 31167 हैं। अभी 225 लोगों की रिपोर्ट पैंडिंग है। पिछले 24 घंटे में 3132 लोगों की टैस्ंिटग हुई है। सबसे ज्यादा मनीमाजरा से 30, सैक्टर-38 वेस्ट से 8, सैक्टर-48 से 12, सैक्टर-35 से 15, सैक्टर-33 से 20 केस मिले। 

 


शहर के 34वें स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र का उद्घाटन
चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने सोमवार को शहर के 34वें स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। यह स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र मलोया स्थित जंज घर में अस्थायी रूप से शुरू किया गया है। यहां पर कोरोना वैक्सीनेशन का काम भी 25 मार्च से चल रहा है। इसके शुरू होने से आसपास रहने वाले 25 हजार लोगों को लाभ होगा। इस केंद्र में रोजाना 100 से 150 मरीजों के लिए ओ.पी.डी. की भी सुविधा होगी। स्वास्थ्य विभाग ने दो चिकित्सा अधिकारियों (एक एलोपैथिक और एक आयुष) की सहायता प्रदान की है। यहां पर मातृ एवं शिशु देखभाल, ई.एन.टी., डेंटल, चिकित्सा, आपातकालीन, मानसिक, किशोर, परिवार नियोजन सेवा, संचारी और गैर-संचारी रोगों का प्रबंधन से संबंधित उपचार किए जाएंगे। 


लैब की सुविधाएं भी मिलेंगी
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एच.डब्ल्यू.सी. मलोया में डेंटल चेयर भी स्थापित किया गया है। यहां आवश्यक दवाएं भी निशुल्क दी जाएंगी। रूटीन टीकाकरण, घरों का दौरा करने, क्षेत्र का स्वास्थ्य सर्वेक्षण करने के लिए केंद्र में तीन ए.एन.एम. की प्रतिनियुक्ति की गई है। यहां हीमोग्लोबिन टैस्ट, आर.एफ.टी., एल.एफ.टी. सहित बुनियादी जांच प्रदान करने के लिए लैब सुविधाएं शुरू की गई हैं। स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र के उद्घाटन के मौके पर प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा, स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

AJIT DHANKHAR

Recommended News

Related News