पति-पत्नी का मर्डर, अर्धनग्न हालत में मिले शव

Monday, Aug 29, 2016 - 08:29 AM (IST)

कुराली/माजरी, (बठला/पाबला): गांव फाटवां में एक किसान के खेत पर रहने वाले प्रवासी पति-पत्नी का मर्डर हो गया। पुलिस ने अर्धनग्न हालत में मिले शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 

 

जानकारी के अनुसार मृतक पंकज पंडित (23) तथा उसकी पत्नी बबली तीन माह से गांव फाटवां के एक किसान जगीर सिंह के खेत में बनी मोटर पर किराए पर रहते थे तथा गांव फाटवां में हरजंग सिंह नामक व्यक्ति के नए बने घर में मजदूरी का काम करते थे। कत्ल से पहले मृतक महिला से बलात्कार की शंका भी है, क्योंकि दोनों अर्धनग्न हालत में खून लथपथ हालत में मिले। 


दोनों करते थे मजदूरी 

पुलिस को मौके से लकडिय़ां मिलीं जिनसे दोनों का कत्ल किया गया है। कत्ल का पता सुबह आठ बजे उस समय चला जब हरजंग सिंह के घर दोनों मजदूरी करने नहीं पहुंचे तो हरजंग सिंह ने मोटर पर जाकर देखा तो छत पर दोनों खून से लथपथ पड़े हुए थे।

 

हरजंग सिंह ने इसकी सूचना मोटर के मालिक और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमरबीर सिंह और गुरसेवक सिंह तथा सी.आई.ए. स्टाफ मोहाली के इंचार्ज गुरचरण सिंह डॉग स्क्वायड टीम सहित मौके पर पहुंचे। 

 

महिला से बलात्कार की जताई शंका

पुलिस ने कमरे से मिली लकडिय़ां जिसके साथ सिर पर वार किए गए उसको अपने कब्जे में ले लिया। मौके पर पुलिस को मृतक महिला की टूटी चूडिय़ां और मोबाइल फोन भी मिला। 

 

थाना प्रभारी अमरबीर सिंह ने बताया कि कत्ल करने से पहले आरोपियों ने महिला के साथ बलात्कार किए जाने की शंका लग रही है। पहचाने जाने के डर से उन्होंने उनका कत्ल कर दिया। पुलिस ने दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है। 

 
Advertising