राशन न मिला तो पार्षद को पीटा, ASI की तरह हाथ काटने की धमकी दी

Friday, Apr 17, 2020 - 09:01 AM (IST)

मोहाली(विनोद) : राशन न मिलने पर दो महिलाओं ने फेज-11 के पार्षद पर उसके घर में घुसकर पहले गाली-गलौच की और फिर मारपीट। साथ ही धमकी दी कि अगर उन्हें राशन न मिला तो उनके साथ भी वैसा ही होगा, जैसे पटियाला में पुलिसकर्मी के साथ हुआ। पार्षद ने काफी मशक्कत कर महिलाओं से खुद को छुड़वाया और खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। 

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पार्षद को अंदर से निकाला और दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया। पुलिस ने पार्षद जसवीर सिंह माणकूकी शिकायत पर राजकुमारी व सरोज के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया और उन दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

राशन बांटने आए लोगों ने कहा, प्रधान से लिखवा लाओ :
पार्षद जसबीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वीरवार शाम को 6 बजे के करीब कुछ महिलाएं उनके घर आई। जब वह बाहर आए तो दो महिलाएं और कुछ लोग थे। इन महिलाओं ने कहा कि बाबा व्हाइट हाउस के पास कुछ लोग राशन बांटने आए हुए हैं। उनका कहना है कि राशन के लिए अपने प्रधान से लिखवाकर आओ। इस पर उन्होंने उक्त लोगों को कहा कि वह उनको जानते नहीं हैं। 

अगर ऐसा है तो वह उनके साथ चल पड़ते हैं। इस पर लोगों का जवाब था कि उक्त लोग अब वहां से चले गए हैं। फिर उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो उनका मोबाइल नंबर ले जाओ। जब वह अगले दिन आएंगे तो कॉल कर देना। वह घर पर ही होते हैं। ऐसे में वह दो मिनट में पहुंच जाएंगे। इसके बाद कुछ लोग शांत होकर वहां से चले गए। जबकि दो महिलाएं और कुछ लोग उनके साथ घर में घुस गए। इस दौरान महिलाओं ने उनसे मारपीट की। 

नयागांव की तरह कई मिलेंगे :
पार्षद जसवीर ने कहा कि मैंने पता किया है, जितने भी लोग उनके एरिया में रहते हैं, उनमें से ज्यादातर जिस फैक्टरी, कंपनी या दुकान पर लगे थे। सभी को सैलरी मिल चुकी है। किसी ने ज्यादा दी है तो किसी ने कम। साथ ही कई लोगों ने तो राशन भी दिया। पार्षद ने कहा कि जैसे नयागांव में एक शख्स पर एफ.आई.आर. दर्ज हुई है। उसी तरह अगर चैकिंग की जाए तो ऐसे कई लोग मिलेंगे।
 

Priyanka rana

Advertising