वैंडर्स को आज से शिफ्ट करना शुरू करेगा निगम

Friday, Dec 06, 2019 - 12:20 PM (IST)

चंडीगढ़ (राय): चंडीगढ़ नगर निगम ने आज से शहर की मार्कीटों में अवैध रूप से बैठे वैंडर्स को हटाने के लिए तैयारी पूरी कर ली है। आज दिनभर निगम में बैठकों का दौर चलता रहा। टाऊन वैंडिंग कमेटी (टी.वी.सी.) की बैठक के अतिरिक्त चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार भी निगम भवन में बैठक के लिए पहुंचे। 

 

हालांकि वह सड़कों के संबंध में चर्चा करने आए थे लेकिन बताया जाता है कि उन्होंने 6 दिसम्बर से अवैध वैंडर्स के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई का भी जायजा लिया। टाऊन वैंडिंग कमेटी की बैठक के लिए एस.एस.पी., ट्रैफिक पुलिस के प्रतिनिधि, डी.एस.पी. भी निगम भवन में मौजूद थे।

 

निगम कमिश्नर ने ली टी.वी.सी. की मीटिंग 
नॉन-वैंडिंग जोन से अनधिकृत विक्रेताओं को हटाने के लिए वीरवार को टी.वी.सी. की बैठक निगम कमिश्नर के.के. यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में इस कार्रवाई के लिए बनाई गई योजना पर चर्चा की गई। ज्ञात रहे कि निगम इस संबंध में पहले ही टीमों का गठन कर चुका है। 

 

इसमें ड्यूटी मैजिस्ट्रेट और प्रवर्तन विंग और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी शामिल हैं। इसके लिए 11 टीमों का गठन किया गया है। निगम ने आयुक्त के निर्देशों पर उन स्ट्रीट वैंडर्स के लाइसैंस रद्द कर दिए हैं, जिन्होंने गत 30 नवम्बर तक अपना बकाया नहीं चुकाया।

 

हैल्पलाइन शुरू की जाएगी 
समिति ने स्ट्रीट वैंडिंग जोन, सैक्टर-15 के मामले की समीक्षा के लिए गठित उप-समिति की रिपोर्ट को भी मंजूरी दे दी, जिसमें उप-समिति ने 21वें टी.वी.सी. की मंजूरी के अनुसार सैक्टर-15 में प्रशासक द्वारा अनुमोदित सीमांकित वैंडिंग जोन को बनाए रखने की सिफारिश की थी। एक हैल्पलाइन शुरू की जाएगी जहां आम जनता अनधिकृत वैंडिंग स्थानों की तस्वीरें भेज सकती है और निगम द्वारा उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 6 दिसम्बर से अवैध वैंडरों के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मियों को अभियान में शामिल किया जाएगा। 

 

ड्राइव के दौरान हवाई निगरानी करने के लिए ड्रोन की भी व्यवस्था की है। निगम ने वार्ड 1 (सैक्टर-1 से 6) और सैक्टर-17 में सड़क विक्रेताओं को नोटिस दिए थे लेकिन वे निगम द्वारा निर्धारित स्थानों पर अभी तक शिफ्ट नहीं हुए हैं। निगम वीरवार को भी देर शाम तक सार्वजनिक प्रणाली के माध्यम से इन्फोर्समैंट विभाग के वाहनों से विक्रेताओं को उनके अलॉट किए गए स्थानों पर जाने की घोषणा कर रहा था।  

 

कंट्रोल रूम बनाएगा नगर निगम
निगम रात में ही सैक्टर-17, 19 और 22 में नियंत्रण कक्ष स्थापित कर देगा, ताकि वैंडर्स ड्राइव के बाद फिर से वापस न आएं। इस सारी कार्रवाई की निगम द्वारा वीडियोग्राफी की जाएगी और फायर ब्रिगेड और एम्बुलैंस को भी उन जगहों पर तैनात किया जाएगा, जहां से इनकी बेदखली की जाएगी।

 

लाइसैंस रद्द करने का एजैंडा मंजूर
बैठक में कमेटी ने उन वैंडरों के लाइसैंस रद्द करने का एजैंडा मंजूर किया, जिन्होंने गत 30 नवम्बर तक लाइसैंस फीस नहीं जमा करवाई। समिति ने उन वैंडिंग साइटों के लिए पुन: ड्रा को मंजूरी दे दी, जिनकी साइटों को रद्द कर दिया गया है। 

 

बैठक में टी.वी.सी. के सदस्य  वी.एन. शर्मा, संगीता वर्धन, सीता राम, राम पाल, यातायात पुलिस के प्रतिनिधि, एस.एस.पी., एस.डी.एम. और निगम  के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में वैंडिंग श्रेणी में आते तंदूर श्रमिक संघ के प्रतिनिधित्व पर भी चर्चा की गई और निर्णय लिया गया कि इस संबंध में बाद में क्षेत्रवार सर्वेक्षण किया जाएगा।


 

pooja verma

Advertising