20 दिन बाद 500 से कम केस, 4 की मौत, 3 ने नहीं ली थी वैक्सीन
punjabkesari.in Saturday, Jan 29, 2022 - 04:09 PM (IST)

चंडीगढ़, (पाल): शहर में शुक्रवार को कोरोना के 399 केस कन्फर्म हुए। जबकि चार मरीजों की मृत्यु हुई है। नए मरीजों में 214 पुरुष और 185 महिलाए हैं। 1168 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हुए। अब एक्टिव मरीजों की संख्या 4647 रह गई है। कोविड पाजिटिविटी रेट 8.61 प्रतिशत रहा जो एक दिन पहले तक 15.50 प्रतिशत रिकॉर्ड हुआ था। एक हफ्ते का पाजिटिविटी रेट भी कम होकर 13.93 प्रतिशत आ गया है। 24 घंटे में 4635 लोगों की टैस्टिंग हुई। सबसे ज्यादा 21 केस मनीमाजरा से कन्फर्म हुए हैं।
‘वायरस की गंभीरता को कम कर रही वैक्सीन’
डायरैक्टर हैल्थ डा. सुमन सिंह की मानें तो जिस तरह से कोविड पॉजिटिव मरीजों की मौत हो रही है उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि वैक्सीन कितनी जरूरी है। वैक्सीन सेफ्टी दे रही है और वायरस की गंभीरता को कम करती है। यही एक बड़ी वजह से है कि इस बार कोविड मरीजों को अस्पताल में दाखिल करने की नौबत बहुत कम आई है। हम लगातार लोगों को वैक्सीन को लेकर जागरूक कर रहे हैं कि जिन लोगों ने वैक्सीन नहीं ली है, वह जल्द से जल्द लें।
मृतकों में तीन की उम्र 60 साल से ऊपर, चौथा 35 साल का
- हल्लो माजरा से केयर पार्टनर अस्पताल में 63 वर्षीय पुरुष की मौत हुई। हाईपरटैंशन, डायबिटीज के साथ दिल और किडनी की बीमारी भी थी। कोई भी डोज नहीं ली हुई थी।
- ईडन हॉस्पिटल में दाखिल सैक्टर-44 से 35 वर्षीय पुरुष की मौत हुई है। उसे सांस लेने में तकलीफ थी। इसके अलावा कोविड वैक्सीन की कोई भी डोज़ नहीं ली हुई थी।
- मोहाली आई.वी.वाई. में सैक्टर-41 की रहने वाली 67 वर्षीय महिला की मौत हुई। मरीज को हाईपरटैंशन की तकलीफ थी। उन्होंने कोविड वैक्सीन की दोनों डोज ली हुई थी।
- जी.एम.एस.एच. में खुड्डा अलीशेर की रहने वाली 60 वर्षीय महिला की मौत हुई। कोविड के साथ हाईपरटैंशन व डायबटीज भी थी। कोविड वैक्सीन की कोई भी डोज नहीं ली हुई थी।