खेर ने बदनौर के समक्ष उठाया यह बड़ा मुद्दा, कांस्टेबल्स को स्पेशल ग्रेड...

Friday, Aug 11, 2017 - 08:35 PM (IST)

चंडीगढ़, (राय): होमगार्ड्स के वेतन में बढ़ौतरी करवाने के लिए लगातार प्रयास करने के बाद अब चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर ने पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर के साथ चंडीगढ़ पुलिस के कांस्टेबल्स व हेड कांस्टेबल्स को स्पेशल ग्रेड डेजिगनेशन (एस.डी.जी.) देने का मुद्दा उठाया है। बदनौर को लिखे पत्र में खेर ने उल्लेख किया है कि उनके ध्यान में यह मामला लाया गया है कि चंडीगढ़ पुलिस के कांस्टेबल्स की पदोन्नति के अवसर बहुत कम होते हैं।

 इसलिए, मजबूरी में वह उसी पद से रिटायर हो जाते हैं। पूरी सेवा के दौरान उन्हें शायद ही कोई पदोन्नति मिलती है। नौकरी में आए इस ठहराव के कारण कांस्टेबल्स निराश महसूस करते हैं जो उनकी योग्यता को प्रभावित करता है। उन्होंने प्रशासक से इस मामले में कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने का आग्रह किया है ताकि चंडीगढ़ के कांस्टेबल्स में यह भावना न आए कि उनके साथ भेदभाव हो रहा है।

पंजाब का उदाहरण देते हुए, उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कांस्टेबल्स के मनोबल को बढ़ावा देने के लिए, पंजाब सरकार ने यह आदेश जारी किए थे कि जो कांस्टेबल 16 साल की सेवा पूरी कर लेते हैं उन्हें किसी तरह का वित्तीय लाभ या वरिष्ठता का लाभ दिए बिना हेड कांस्टेबल डेजिगनेट किया जाए।

चूंकि पंजाब सेवा नियम और वेतनमान पहले से ही चंडीगढ़ प्रशासन में लागू हैं, अगर हम 16 साल की नियमित सेवा पूरी करने वाले कांस्टेबल्स के पदों को अपग्रेड करने के इस आदेश को अपना लेते हैं यह चंडीगढ़ के कांस्टेबल्स के मनोबल को बढ़ावा देगा।

Advertising