इनैलो की सम्मान दिवस रैली में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश सहित कई अन्य नेता आएंगे: अभय चौटाला

punjabkesari.in Wednesday, Sep 06, 2023 - 07:24 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): इनैलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनैलो पार्टी हर साल 25 सितंबर को देवी लाल का जन्मदिन को सम्मान दिवस के रूप में मनाते हैं जिसमें पूरे देश से अलग-अलग राजनीतिक दल के नेता शामिल होकर जननायक को श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। अभयचौटाला ने कहा कि पिछले साल 25 सितंबर को सम्मान दिवस रैली में ओम प्रकाश चौटाला ने केंद्र की भाजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ गठबंधन का जिम्मा बिहार के मुख्यमंत्री को सौंपा था और आज जो गठबंधन बना है उसकी नींव रखी थी। अबकी बार 25 सितंबर को सम्मान दिवस रैली कैथल शहर की अनाज मंडी में आयोजित की गई है जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, फारूख अब्दुल्ला, ममता बनर्जी की पार्टी के राज्यसभा सांसद दीपक मिरेन, पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, सीताराम येचुरी, जयंत चौधरी, सुखबीर बादल, पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक, हनुमान बैनीवाल और केसी त्यागी ने शामिल होने की स्वीकृति दे दी है। शरद पंवार को निमंत्रण भेज दिया है लेकिन वे स्वयं भी मिलकर उन्हें आमंत्रित करेंगे। सम्मान दिवस रैली में ओम प्रकाश चौटाला इनैलो के सत्ता में आने पर किन वायदों को पूरा किया जाएगा, उनकी घोषणा भी करेंगे।
 

 

 

 

-कांग्रेस नेता जनता के लिए नहीं बल्कि अपने स्वार्थ और निजी वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे है
इनैलो नेता ने कांग्रेस की गुटबाजी पर पूछे गए सवाल पर कहा कि कांग्रेस नेता जनता के लिए नहीं बल्कि अपने स्वार्थ और निजी वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। कुछ लोग कांग्रेस को अपनी बपौती समझते हैं और कांग्रेस को अपनी जेब में रखना चाहते हैं। जहां विपक्ष की भूमिका की बात आती है तो चुपी साध लेते हैं। कांग्रेस को इनके खिलाफ सख्त एक्शन लेना चाहिए और पार्टी से बाहर कर देना चाहिए। विधानसभा में हर बार भूपेंद्र हुड्डा ने भाजपा के सामने सरेंडर किया है।
 

 

 

-संदीप सिंह इस्तीफा नहीं देते तो मुख्यमंत्री को इस्तीफा लेना चाहिए
भाजपा के मंत्री संदीप सिंह पर पूछे गए सवाल पर अभय सिंह चौटाला ने कहा कि महिला कोच ने जो भी आरोप लगाए वो साबित हो गए हैं। अब संदीप सिंह में थोड़ी सी भी शर्म बची है तो उसे इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर मंत्री इस्तीफा नहीं देता तो मुख्यमंत्री को उसका इस्तीफा लेना चाहिए। जहां चंडीगढ़ पुलिस एक तरफ कोर्ट में चार्जशीट दायर कर मंत्री संदीप सिंह को दोषी ठहराती है वहीं भाजपा सरकार ने मंत्री को खुली छूट दे रखी है जिस कारण वो खुला घूम रहा है। मुख्यमंत्री खट्टर महिला कोच द्वारा लगाए गए शोषण के आरोपों के साबित होने के बाद भी विधानसभा में कहते हैं कि मंत्री को नहीं हटाएंगे, नहीं हटाएंगे और नहीं हटाएंगे। अबकी बार प्रदेश के लोग ही इनको हटा देंगे। कानून में जिसने जुर्म किया है वह दोषी होता है और साथ ही जो उस दोषी को संरक्षण देकर बचाता है वो भी उतना ही दोषी होता है। इनैलो की सरकार बनने पर इस पूरे मामले की पुन: जांच करवाएंगे और संदीप सिंह के खिलाफ तो सख्त कार्रवाई करेंगे, साथ ही  सरंक्षण देने वाले को भी नहीं बख्शेंगे और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेंगे।
 

 

 

-परिवर्तन यात्रा के दौरान वे 2000 गावों, सभी जिलों, सब डिविजन व कस्बों में गए
अभय चौटाला ने बताया कि परिवर्तन यात्रा के दौरान वे करीब 2000 गावों, सभी जिलों, सब डिविजन और कस्बों में जाकर आए हैं। इस दौरान उन्होंने देखा कि किसानों के सामने पानी की दिक्कत है, गांवों में पीने का पानी नहीं है, इनेलो की सरकार के दौरान बनाए गए स्कूलों और अस्पतालों में ताले लगे हैं, अध्यापकों और चिकित्सकों की कमी है, बच्चों के लिए खेल के मैदान नहीं है, राज्य हाईवे समेत सभी सड़कें टूटी पड़ी हैं। इनैलो नेता ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के दूसरे फेज में वे बचे हुए सभी गावों की रथ यात्रा करेंगे और जहां भाजपा सरकार द्वारा 9 सालों में की लूट को लोगों के सामने रखेंगे वहीं इनेलो की नीतियों को भी लोगों से साझा करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sub Editor

Ajay Chandigarh

Related News