राहुल और सोनिया ने चन्नी के खिलाफ शिकायत मिलने पर क्यों नहीं की कार्रवाई? : चड्ढा

punjabkesari.in Sunday, Jan 23, 2022 - 11:07 PM (IST)

चंडीगढ़, (रमनजीत सिंह) आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब मामलों के सह-प्रभारी राघव चड्ढा ने कांग्रेस हाईकमान सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को रेत माफिया चलाने के लिए चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ लिखित शिकायत की थी तो उन्होंने उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की? चड्ढा ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने चन्नी पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें मुख्यमंत्री बना दिया।

चड्ढा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से सवाल किया कि जब उन्हें पता चल गया कि चन्नी रेत माफिया से जुड़े हुए हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री क्यों बनाया? मुख्यमंत्री बनाने के बाद भी जब चन्नी के रिश्तेदारों के पास ईडी की रेड में करोड़ों रुपए नगद और कई बेनामी संपत्ति के कागजात मिले तो चन्नी को पार्टी से सस्पेंड क्यों नहीं किया? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रेत माफिया का पैसा कांग्रेस नेतृत्व के पास भी पहुंच रहा है, इसी लिए कांग्रेस नेतृत्व मुख्यमंत्री चन्नी पर कार्रवाई करने से बच रहा है?

अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया द्वारा मुख्यमंत्री चन्नी पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर चड्ढा ने कहा कि मजीठिया ने कहा है कि चन्नी, उनके रिश्तेदार हनी और मनी (पैसा) का एक नेक्सस चल रहा है और रेत माफिया का करोड़ों रुपए का धंधा हो रहा है। मजीठिया ने यह भी आरोप लगाया की मुख्यमंत्री चन्नी के रिश्तेदारों ने जंगलात विभाग, जहां खुदाई नहीं हो सकती, वहां भी माइनिंग कराई और पैसे बटोरे। मजीठिया ने चन्नी पर 111 दिनों में 1111 करोड़ रुपए कमाने का आरोप लगाया। चड्ढा ने मुख्यमंत्री चन्नी से सवाल करते हुए कहा कि क्या अब चन्नी आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की तरह बिक्रम मजीठिया पर भी मानहानि का मुकदमा दर्ज करेंगे?

चड्ढा ने कहा कि उन्होंने कुछ हफ्ते पहले ही मुख्यमंत्री चन्नी के विधानसभा क्षेत्र चमकौर साहिब में रेत माफिया का पर्दाफाश किया था। ईडी की रेड में मुख्यमंत्री के भतीजे के घर मिले करोड़ों रुपए से आम आदमी पार्टी की बात सही साबित हुई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ramanjit Singh

Recommended News

Related News