प्रधानमंत्री मोदी ने देश को नई संसद की दी सौगात

Sunday, May 28, 2023 - 07:38 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नई संसद के रूप में आज देश को एक नई सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वैदिक विधि विधान के साथ संसद भवन का उद्घाटन कर देशवासियों को गौरवान्वित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने संसद भवन के निर्माण में श्रमिकों के योगदान को महत्व देते हुए श्रमिकों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के इसी मार्गदर्शन पर चलते हुए हरियाणा सरकार भी श्रमिकों को पूरा सम्मान दे रही है। मुख्यमंत्री ने आज हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा श्रमिकों के बच्चों को दी जाने वाली छात्रवृति को राशि को बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने कक्षा 9वीं से 10वीं तक मिलने वाली 7 हजार रुपए की राशि, कक्षा 11वीं से 12वीं तक 7750 रुपए तथा उच्च शिक्षा के लिए 8500 रुपए की राशि को बढ़ाकर तीनों श्रेणियों में बढ़ाकर 10,000 रुपए कर दिया है।

 

 


मुख्यमंत्री आज नई दिल्ली से ऑडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मगार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों व उनके बच्चों से सीधा संवाद कर रहे थे। संवाद के दौरान श्रमिकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने उनके लिए जितनी भी योजनाएं चलाई है, उससे वे बहुत लाभान्वित हो रहे हैं। 
 

 

 

मुख्यमंत्री ने निमोठ गांव की भावना को दी सौगात, गांव में लाइब्रेरी खोलने को दी मंजूरी:
संवाद के दौरान रेवाड़ी जिले के निमोठ गांव की भावना ने शिक्षा के प्रदान की जा रही वित्तीय सहायता के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और गांव में एक लाईब्रेरी बनाने की अपील की। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत ही निमोठ गांव के लिए लाईब्रेरी बनाने को मंजूरी प्रदान की। इसी प्रकार, पलवल जिला से जुड़े आकाश के पिता ने भी मुख्यमंत्री से लाईब्रेरी बनाने का अनुरोध किया। इसके लिए भी मुख्यमंत्री ने तुरंत मंजूरी प्रदान कर दी और पलवल के औरंगाबाद गांव में आर्य समाज मंदिर में लाईब्रेरी खोली जाएगी। मनोहर लाल ने कहा कि किसी भी देश के आर्थिक विकास में श्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। प्रदेश सरकार ने श्रमिकों के कल्याण व उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं बनाई हैं।
 

 

 

 

असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण करने में हरियाणा प्रथम स्थान पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का ध्यान केवल संगठित क्षेत्र पर ही नहीं, बल्कि असंगठित क्षेत्र पर भी है। हरियाणा में लगभग 25 प्रतिशत श्रमिक संगठित क्षेत्र में और 75 प्रतिशत श्रमिक असंगठित क्षेत्र में कार्यरत हैं। प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना के तहत असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण करने में हरियाणा देश में प्रथम स्थान पर है। अब तक इस योजना के तहत 8 लाख 19 हजार 564 लाभर्थियों का पंजीकरण किया जा चुका है। 
श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए पहली कक्षा से स्नातकोत्तर तक 20 हजार रुपये वार्षिक तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। तकनीकी व व्यावसायिक संस्थानों में पढ़ रहे बच्चों के छात्रावास का 1 लाख 20 हजार रुपये वार्षिक तक का खर्च भी सरकार द्वारा वहन किया जाता है।

 

Ajay Chandigarh

Advertising