चंडीगढ़ के हैरिटेज फर्नीचर की विदेशों में नीलामी जारी, 16 और आइटम्स फ्रांस में हुई 4 करोड़ रुपए में नीलाम

Thursday, Jun 16, 2022 - 06:58 PM (IST)

चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा)। शहर के हैरिटेज फर्नीचर की विदेशों में नीलामी जारी है। 14 जून को चंडीगढ़ के हैरिटेज फर्नीचर की 16 और आइटम्स फ्रांस में 4 करोड़ रुपए में नीलाम हुई। यही कारण है कि इस हैरिटेज फर्नीचर की संभाल के लिए शहर के एडवोकेट अजय जग्गा ने राज्यसभा के सैके्रटरी जनरल को शिकायत भेजकर अपील की है कि इनकी संभाल के लिए पार्लियामैंट को कोई फैसला लेना चाहिए। इससे पहले उन्होंने गत माह पार्लियामैंट हाऊस एनैक्स, कमेटी सैक्शन के अंडर सैके्रटरी को भी पत्र लिखकर मांग की थी कि हैरिटज फर्नीचर के संरक्षण को लेकर उनके प्रार्थना पत्र को संसद में लाया जाना चाहिए। इसमें 12 आर्म चेयर्स सबसे अधिक 73.29 लाख रुपए में नीलाम हुई। 

 


जग्गा ने कहा कि अगर सरकार इन हैरिटेज फर्नीचर को रखना चाहती है तो इन्हें आर्ट संपत्ति घोषित किया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं है तो इन हैरिटेज आइटम्स की ग्लोबल ऑक्शन के लिए नियम तय किए जाने चाहिए, तांकि इनसे सरकार को राजस्व मिल सकें। उन्होंने कहा कि हैरिटेज फर्नीचर की संभाल न करने के चलते करोड़ों  रुपए के राजस्व से हाथ धोना पड़ रहा है। इस बार ऑक्शन में जो आइटम्स नीलाम हुई हैं,उनमें स्टोरेज कैबिनेट, सिंगल बैड, लॉ चेयर, स्टोरेज यूनिट, लिविंग रुम फर्नीचर, आर्म चेयर व एडमिनिस्ट्रेटिव डेस्क आदि शामिल है। 

 


बता दें कि आए साल करोड़ों रुपए का फर्नीचर विदेश में नीलाम हो रहा है। वर्ष 2021 में कई देशों में करीब 12 से अधिक बार चंडीगढ़ का हेरिटेज फर्नीचर नीलाम  हुआ, लेकिन फिर भी प्रशासन के अधिकारी इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं कर पाए। यहां तक वर्ष 2022 की शुरुआत से ही फर्नीचर की विदेश में नीलामी होनी शुुरु  हो गई है। जग्गा ने कहा कि  हेरिटेज फर्नीचर की नीलामी को रोकने के साथ ही इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए कि आखिरकार देश से बाहर ये हेरिटेज फर्नीचर  पहुंच कैसे रहा है। जो भी फर्नीचर की तस्करी में शामिल है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके अलावा यहां स्थानीय स्तर पर भी इसकी चोरी रोकने के  लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इन आइटम्स को देश से बाहर भेजने के लिए जो दस्तावेज इस्तेमाल किए गए, उनकी जांच होनी चाहिए। पिछले कुछ सालों में शहर के करोड़ों रुपए के हेरिटेज फर्नीचर की यूएसए, यूके, फ्रांस व जर्मनी समेत अन्य देशों में नीलामी हो चुकी है। 

Ajay Chandigarh

Advertising