स्वास्थ्य मंत्री नड्डा समेत PGI के 8 अधिकारियों की PMO की गई शिकायत

Friday, May 26, 2017 - 09:00 AM (IST)

चंडीगढ़ (पाल): पी.जी.आई. में प्रशासन लैवल के 8 मुख्य पदों पर जिन लोगों को नियुक्त किया गया है, उनकी नियुक्ति को लेकर स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा की शिकायत पी.एम.ओ. नरेंद्र मोदी को लिखित में की गई है। सूत्रों की मानें तो शिकायत में कहा गया है कि जिन 8 पदों पर इन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, वे सभी हिमाचल से ताल्लुक रखते हैं। इसके साथ ही पी.जी.आई. के डिप्टी डायरैक्टर से लेकर उच्च वित्तीय अधिकारी तक के पदों पर हिमाचल प्रदेश के ही लोगों को ही नियुक्त किया गया है। इन सभी 8 अधिकारियों के नामों की सूची बनाकर पी.एम. को भेजी गई है। इनमें डिप्टी डायरैक्टर डा. अमिताभ अवस्थी, सीनियर अकाऊंट ऑफिसर सुशील कुमार, नरिंदर अहलुवालिया, राणा प्रीतपाल सिंह, विजय चंदन, सुधीर कुमार और रजिस्ट्रार मनोज कुमार के नाम शामिल हैं। 

 

शिकायत में कहा गया है कि डेपुटेशन पर ही यह अधिकारी काफी अर्से से जमे हुए हैं। इसके साथ ही यह अधिकारी एक क्षेत्र के होने की वजह से एक दूसरे की गलतियों पर पर्दा डाल रहे हैं और इनके काम में पारदर्शिता नहीं है। इसकी वजह से पेशैंट केयर प्रभावित हो रहा है। शिकायतकर्ता एंटी करप्शन फ्रंट के सुभाष चंद्र की माने तो जे.पी. नड्डा सिर्फ हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री नहीं बल्कि पूरे देश के मंत्री हैं। ऐसे में लगातार पी.जी.आई. को नुक्सान पहुंच रहा है। इस तरीके से नियुक्ति करने से वह अपने लोगों को फायदा पहुंचा रहे हैं। इसके लिए उचित जांच व कार्रवाई होनी चाहिए।

 

अपने लोगों को फायदा पहुंचाने का आरोप
यह पहला मौका नहीं है जब पी.जी.आई. में किसी अधिकारी की नियुक्ति को लेकर इस तरह के सवाल खड़े हुए हैं। इससे पहले पी.जी.आई. निदेशक के चयन के वक्तभी कहा गया था कि प्रो. जगत राम के हिमाचल के होने की वजह से उन्हें पद के लिए ज्यादा तवज्जो दी गई थी। वहीं, इस बार रिसर्च डीन के लिए चुने गए तीन कैंडीडैट्स में प्रो. राजवंशी को हिमाचल का होने की वजह से फेवरेट माना जा रहा है। 

Advertising