करवाचौथ पर कम्युनिटी सैंटर्स में बैठेंगे मेहंदी लगाने वाले

punjabkesari.in Friday, Oct 11, 2019 - 12:42 PM (IST)

चंडीगढ़(राय) : नगर निगम आगामी 15, 16 व 17 अक्तूबर को करवाचौथ के त्यौहार को देखते हुए मेहंदी लगाने वालों को सामुदायिक केंद्रों में बैठने की जगह देगा। उन्हें केवल उन्हीं केंद्रों में जगह मिलेगी जो खाली होंगे। मेहंदी लगाने वालों से स्पाट पर ही 200 रुपए शुल्क लिया जाएगा व उसके बाद ही उन्हें बैठने की अनुमति दी जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट के आदेशों के बाद इस बार निगम मेहंदी वालों को भी मार्कीटों में बैठने की अनुमति नहीं दे रहा है। निगम ने सीनियर स्टैंडिंग  काऊंसिल से मिली लीगल राय के बाद सैक्टर-17 और 22 को छोड़कर अन्य मार्कीटों में स्टॉल्स लगाए जाने की अनुमति निगम देगा। इस संबंध में वीरवार को स्टाल लगाने वालों की मेयर से बैठक भी हुई। 

इससे पूर्व गत वर्ष परंपरा के तहत निगम त्यौहारों में स्टाल लगाने वालों की तीन-तीन दिन की पर्चियां काट कर उन्हें अनुमति प्रदान कर देता था। इस बार फड़ी वालों के विरुद्ध हाईकोर्ट के आदेशों के बाद निगम सतर्क है व इस मामले में कानूनी राय पर ही चल रहा है।  

दशहरे पर स्टॉल्स न लगाने से हुआ नुक्सान :
स्पष्टीकरण न होने के कारण इस बार निगम दशहरे पर स्टॉल्स लगाने की अनुमति नहीं दे पाया जिस कारण उसे राजस्व की भी हानि हुई है। इन्फोर्समैंट सब कमेटी के सदस्य चरणजीव सिंह का कहना है कि इस पर जल्द निर्णय आ जाना चाहिए। 

अगर स्टॉल लगाए जाने की अनुमति नहीं दी गई तो व्यापारी हाईकोर्ट जा सकते हैं। जिन आदेशों का निगम हवाला दे रहा है, वह केवल अवैध वैंडर्स को लेकर है। उसमें यह नहीं था कि त्यौहारों में दुकानदारों को स्टॉल लगाए जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

स्टॉल्स लगाने की अनुमति के लिए प्रशासक को पत्र लिखा :
चंडीगढ़ व्यापार संघ के संस्थापक अध्यक्ष रवि प्रकाश कांसल ने प्रशासक को पत्र लिखकर त्यौहारों के सीजन में दुकानों के बाहर अपना माल लगाने की अनुमति दिए जाने की मांग की है। प्रशासक को लिखे पत्र में कांसल ने कहा की पिछले 50 वर्षों से त्यौहारों में छोटे-बड़े व्यापारियों को दुकानों के बाहर स्टाल लगाने की अनुमति चंडीगढ़ प्रशासन ने हमेशा दी है। 

भारतवर्ष का सबसे बड़ा त्यौहार दीपावली लोग हर्षोल्लास से मनाते हैं इसीलिए दुकानदारों को दुकानों के बाहर स्टाल लगाए जाने की अनुमति मिलनी चाहिए। इस बार व्यापारियों को स्टाल लगाने की अनुमति नहीं मिल रही है जबकि सैक्टरों में वैंडर्स की संख्या दिनोंदिन बढ़ती चली जा रही है। उन्होंने अनुरोध किया कि दीपावली पर व्यापारियों को स्टाल्स लगाए जाने की अनुमति प्रदान की जाए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News