शहर की अंजुम ने ऑस्ट्रेलिया कॉमनवैल्थ में जीता रजत, पंजाब पुलिस में है सब इंस्पैक्टर

Saturday, Apr 14, 2018 - 08:20 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : शहर की अंजुम मोदगिल ने ऑस्ट्रेलिया में जारी कॉमनवैल्थ गेम्स में रजत पदक जीत कर देश और शहर का नाम रोशन किया है। हालांकि अंजुम स्वर्ण जीतने की दौड़ में कुछ अंकों से दूर रह गईं। 

अंजुम ने बातचीत में बताया कि अब उनका लक्ष्य ओलिम्पिक क्वालीफाई करना और पदक जीतना रहेगा। कॉमनवैल्थ गेम्स के 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में अंजुम रजत पदक जीतने में सफल रहीं। अंजुम पंजाब पुलिस में बतौर सब इंस्पैक्टर तैनात हैं और उन्होंने डी.ए.वी. कॉलेज -10 से पढ़ाई पूरी की थी। 

मां शुभ मोदगिल ने बताया कि 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन की प्रतियोगिता से पहले अंजुम का फोन आया था। उसने बताया कि वीरवार को 50 मीटर प्रोन इवैंट में वह इसलिए पिछड़ गई थी क्योंकि निशाना लगाने के लिए जिस लैंस (फिल्टर) से देखते हैं, वह ढीला हो गया था। इस वजह से उनका निशाना सही नहीं लगा। जब उनके कोच ने उनकी राइफल को देखा तो इस बात का पता चला। 

बहरहाल अब उनकी राइफल ठीक है, इसलिए आज वह जरूर सही पर निशाना लगाएंगी। मैडल जीतने के बाद मैंने उसे मुबारकबाद थी। सारा परिवार इस जीत से खुश है। सुबह से बधाई देने वालों के सैकड़ों फोन आ चुके हैं। वहीं, अंजुम के पिता सुदर्शन मोदगिल बेटी की उपलब्धि पर फूले नहीं समा रहे हैं। 

एन.सी.सी. कैंप से की थी शूटिंग की शुरूआत :
अंजुम ने 2009 से एन.सी.सी. कैंप से शूटिंग शुरू की थी। अब वह 10 मीटर एयर राइफल, 50 मीटर 3 पोजीशन और 50 मीटर प्रोन राइफल शूटिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती है। साल 2010 से वह इंडियन शूटिंग टीम का हिस्सा है और अब तक 11 अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इन प्रतियोगिताओं में उन्होंने देश के लिए 10 पदक जीते हैं। अंजुम राष्ट्रीय स्तर पर 50 से ज्यादा पदक जीत चुकी हैं। 

पूर्व कोच बोले-ओलिम्पिक में जरूर पदक जीतेगी अंजुम :
डी.ए.वी. कॉलेज-10 के शूटिंग कोच मान सिंह अंजुम को इस प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अंजुम के इस प्रदर्शन को देखते हुए लगता है कि वह 2020 में होने वाली ओलिम्पिक में भी देश के लिए जरूर पदक जीतेगी।  

Punjab Kesari

Advertising