सी.एच.बी. लीज होल्ड पर 150 कर्मिशयल प्रॉपर्टी की करेगा ई-टैंडरिंग
punjabkesari.in Thursday, Jun 03, 2021 - 08:06 PM (IST)

चंडीगढ़, (राजिंद्र शर्मा) : चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड (सी.एच.बी.) रैजीडैंशियल के साथ ही शहर में लीज होल्ड पर अपनी कॉर्मिशयल प्रॉपर्टी की भी ई-टैंडरिंग करने जा रहा है। बोर्ड फिलहाल अपनी 150 कॉर्मिशयल प्रॉपर्टी की ई-टैंडरिंग कर रहा है, जो शहर के विभिन्न सैक्टरों और गांवों में बनी हुई हैं। सी.एच.बी. ने प्रॉपर्टी के रिजर्व प्राइस की डिटेल जारी कर दी है। 8 जून से लोग टैंडर प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे और 30 जून तक अपनी बिड सबमिट कर सकेंगे। 1 जुलाई को सुबह 10 बजे बिड ओपन की जाएंगी और जिस मकान के लिए जिसकी बोली सबसे ज्यादा होगी, उसे मकान बेच दिया जाएगा। इसमें सबसे अधिक गांव कजहेड़ी में कॉर्नर बे-शॉप का रिजर्व प्राइस 4.53 करोड़ रुपए रखा गया है।
चंडीगढ़ प्रशासन की ई-टैंडरिंग वैबसाइट पर 30 जून शाम 6 बजे तक बोली जमा कराई जा सकती है। गांव कजहेड़ी, मनीमाजरा, मलोया, सैक्टर-38 वैस्ट, 40 और 51 में ये प्रॉपर्टी बनी हुई हैं।
सी.एच.बी. के अधिकारियों का कहना है कि ई-नीलामी में बयाना राशि बैंक में जमा करानी होती थी। उसके बाद बोर्ड द्वारा उस राशि को मंजूरी दी जाती थी और फिर वह बोली लगाता था। इससे बोलीदाता की गोपनीयता खत्म हो जाती थी। यही कारण है कि प्रॉपर्टी की ई-टैंडरिंग शुरू की गई है।
रिजर्व प्राइस के हिसाब से होगी बयाना राशि
बोर्ड ने यह साफ किया है कि 18 वर्ष से ऊपर देश के किसी भी राज्य में रहने वाला व्यक्ति इस ई-टैंडरिंग की प्रक्रिया में भाग ले सकता है। मकान खरीदने के लिए एन.आर.आई. भी बोली लगा सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि जो भी आरक्षित मूल्य तय किया गया है, उसके अनुसार सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले व्यक्ति को ही मकान बेचा जाएगा। प्रत्येक बोलीदाता को बयाना राशि जमा करानी होगी, जो इस प्रकार है। एक करोड़ रुपए तक रिजर्व प्राइस के लिए 2 लाख, एक से अढ़ाई करोड़ तक रिजर्व प्राइस के लिए 5 लाख और अढ़ाई करोड़ से 5 करोड़ तक रिजर्व प्राइस के लिए 10 लाख रुपए बयाना राशि जमा करानी होगी। इसके बाद ही वह अपनी बोली जमा कर पाएगा। सभी प्रॉपर्टी की जाकर बिडर्स इंस्पैक्शन भी कर सकते हैं।
एरिया रिजर्व प्राइस
कजहेड़ी 4.53 करोड़
सैक्टर-51ए 66.74 लाख
सैक्टर-38वैस्ट (बूथ) 52.17 लाख
सैक्टर-40 (सर्विस बूथ) 59.45 लाख
मलोया (बूथ) 15.50 लाख
मनीमाजरा (स्मॉल कॉनर्र बूथ) 97.99 लाख