‘जी.एस.टी. कलैक्शन मार्च में पिछले साल के मुकाबले 8 फीसदी ज्यादा’

punjabkesari.in Friday, Apr 02, 2021 - 12:28 AM (IST)

चंडीगढ़, (राजिंद्र शर्मा): जी.एस.टी. कलैक्शन को लेकर शहर की अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी खबर है। लॉकडाऊन के बाद से पहली बार शहर के जी.एस.टी. कलैक्शन में बढ़ौतरी दर्ज की गई है। पिछले साल के मार्च महीने के मुकाबले मार्च 2021 में ग्रॉस जी.एस.टी. कलैक्शन में 8 फीसदी की बढ़ौतरी हुई है।

 

 
गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जी.एस.टी.), एक्साइज और वैल्यू एडिड टैक्स (वैट) चंडीगढ़ प्रशासन के खजाने को भरने में अहम भूमिका अदा करते हैं, लेकिन लॉकडाऊन की वजह से बड़ा असर भी इन्हीं पर पड़ा है लेकिन इस बार सिर्फ जी.एस.टी. कलैक्शन में पिछले साल मार्च के मुकाबले 8 फीसदी की बढ़ौतरी दर्ज की गई। 


पंजाब और हरियाणा की जी.एस.टी. कलैक्शन 15 और 17 प्रतिशत ज्यादा 
जी.एस.टी. कलैक्शन के आंकड़ों के अनुसार मार्च 2020 में यू.टी. प्रशासन ने 153.26 करोड़ रुपए एकत्रित किए थे लेकिन मार्च 2021 में165.27 करोड़ रुपए एकत्रित किए गए हैं। ये आठ प्रतिशत की बढ़ौतरी है। हालांकि पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा ने संग्रह में चंडीगढ़ से दोगुनी वृद्धि की है। पंजाब ने मार्च 2020 में 1180.81 करोड़ रुपए वसूले थे, जबकि मार्च 2021 में 1361.85 करोड़ रुपए एकत्रित किए हैं। यह पिछले साल से 15 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, हरियाणा ने मार्च 2020 में 4874.29 करोड़ रुपए वसूले थे, जबकि इस साल 5709.60 करोड़ रुपए एकत्र किए हैं। यह आंकड़ा भी पिछले साल से 17 प्रतिशत ज्यादा है। गौरतलब है कि जी.एस.टी. पैट्रोल और शराब को छोड़कर अन्य पर वसूला जाता है।


लॉकडाऊन के बाद से हर माह आई थी गिरावट
शहर में लॉकडाऊन के बाद से अब तक जी.एस.टी. कलैक्शन में पिछले साल के मुकाबले हर महीने गिरावट देखी जा रही थी। अन्य राज्य व केंद्र शासित प्रदेश इस घाटे से उबर गए हैं, लेकिन चंडीगढ़ अभी तक उबर नहीं रहा था। यू.टी. प्रशासन की तरफ से क्लैक्शन बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन वह सभी काफी नहीं रहे थे। यही कारण है कि प्रशासन ने अब लोगों को अवेयर करना भी शुरू कर दिया है, ताकि अधिक कलैक्शन हो सके। क्योंकि जी.एस.टी. रिटर्न में चंडीगढ़ हमेशा आगे रहा है। यहां तक कि रिटर्न के मुकाबले में पिछले कुछ महीने में 100 प्रतिशत और साधारण 90 प्रतिशत ऊपर रिटर्न ही हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

ashwani

Recommended News

Related News