रीफ क्लब में हुक्का सर्व करने पर मालिक सहित तीन पर केस

Saturday, Dec 19, 2020 - 09:50 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील राज): चंडीगढ़ पुलिस की सख्ती के बावजूद क्लब और बार मालिक हुक्का सर्व करने से बाज नहीं आ रहे हैं। आए दिन क्लब मालिक डी.सी. के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। शुक्रवार रात सैक्टर-7 स्थित रीफ क्लब में हुक्का सर्व किया जा रहा था। सैक्टर-26 थाना पुलिस ने हुक्का जब्त कर रीफ क्लब के मालिक चंडीगढ़ निवासी अंकित ग्रोवर, कैशियर अंकुर और हुक्का सर्व करने वाले मोहाली निवासी देविंदर पर पर मामला दर्ज कर लिया।

 


सैक्टर-7 में पुलिस ने की रेड
सैक्टर-26 थाना प्रभारी जसबीर सिंह को सूचना मिली कि सैक्टर-7 स्थित रीफ क्लब में डी.सी. के आदेशों की अवहेलना करते हुए स्टाफ युवकों को हुक्का सर्व कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने क्लब में छापा मारने के लिए स्पैशल टीम बनाई। पुलिस टीम ने रीफ क्लब में छापा मारा तो वहां पर क्लब स्टाफ युवकों को हुक्का सर्व करते मिला। पुलिस ने हुक्का सर्व करने की फोटो खींच ली और वीडियो भी बना लिया। क्लब मालिक अंकित ग्रोवर और कैशियर अंकुर कहने पर देविंदर हुक्का सर्व कर रहा था। पुलिस ने तीनों पर धारा 188 के तहत मामला दर्ज कर लिया।


पहले भी कई क्लबों पर हो चुकी है रेड
इससे पहले सैक्टर-26 थाना पुलिस ने सैक्टर-7 स्थित टर्मिनल क्लब में हुक्का सर्व करने पर सात लोगों पर मामला दर्ज किया था। सैक्टर-3 थाना पुलिस ने भी हुक्का सर्व करने वाले क्लब मालिकों के खिलाफ सख्त अभियान चला रखा है। 27 नवम्बर को सैक्टर-3 थाना पुलिस ने बूम बॉक्स क्लब में छापा मारकर हुक्का जब्त किया था। पुलिस ने मैनेजर रामदरबार निवासी दविंदर को गिरफ्तार किया था। इससे पहले पुलिस ने सैक्टर-9 में एस.के. क्लब में छापा मारकर हुक्का जब्त किया था। पुलिस ने क्लब मैनेजर सैक्टर-41 निवासी नीरज ठाकुर को गिरफ्तार किया था। 3 दिसम्बर को पुलिस ने पाइप एंड बैरल क्लब में हुक्का सर्व करने पर मैनेजर दीपक को गिरफ्तार किया था।

AJIT DHANKHAR

Advertising