चिट फंड घोटाला: जुफलो क्वाइन कंपनी में पैसा लगवाने वालों सहित 6 गिरफ्तार

Tuesday, Dec 26, 2017 - 09:58 AM (IST)

मोहाली (कुलदीप): स्टेट साईबर क्राइम द्वारा करोड़ों रुपयों के चिट फंड घोटाले में गिरफ्तारियों का दौर लगातार जारी है। केस की गहनता से जांच किए जाने पर पता चल रहा है कि क्राऊन क्रैडिट कंपनी के साथ-साथ आरोपी व्यक्ति एक अन्य कंपनी जुफलो कुआईन कंपनी के माध्यम से भी लोगों का पैसा लगवाते थे। साईबर क्राइम की टीम ने इस केस में 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

 

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मित्तु सिंह निवासी गांव भुटाल कलां, परदीप कुमार खुर्मी निवासी बरनाला, ललित खुराणा बरनाला, बलवीर सिंह निवासी गांव भुटाल खुर्द, भगवंत सिंह निवासी गांव कोटला लैहल, बेअंत सिंह निवासी गांव कोट छाजली बताए जाते हैं। सभी आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। बतानेयोग्य है कि इस से पहले दो आरोपी राम सिंह सिद्धु तथा हरविन्द्र सिंह पहले से ही पुलिस रिमांड पर चल  रहे हैं।


 

जुफलो क्वाइन कंपनी को भी करते थे ऑप्रेट
प्राप्त जानकारी मुताबिक मित्तु सिंह नाम का आरोपी इस केस के मुख्य आरोपी रविन्द्र सिंह पापड़ा का सांढू है जो कि आर.एम.पी. डाक्टर होने के साथ साथ चिट्ट फंड कंपनी में भी पैसा लगवाता था। आरोपी परदीप कुमार खुर्मी नाम का व्यक्ति रविन्द्र पापड़ा की कंपनी जुफलो क्वाइन को आप्रेट करता था। कैमिस्ट का काम करने वाला ललित खुराणा भी जुफलो कुआईन में पैसा लगवाता था।

 

क्या था मामला
बतानेयोग्य है कि स्टेट साईबर क्राइम ने 19 अक्तूबर 2016 को बिजली बोर्ड के जे.ई. जैपाल सिंह निवासी सुनाम की शिकायत पर कंपनी के एम.डी. जगजीत सिंह सिद्धु, रविन्द्र सिंह पापड़ा सहित कुल पांच लोगों पर आईपीसी की धाराओं 420, 406, 467, 468, 471, 120बी तथा प्राईज चिट्ट फंड मनी सरकूलेशन स्कीम बैनिंग एकट की धारा 4 तथा 5 के तहत केस दर्ज किया था। 

 

कंपनी का एम.डी. जगजीत सिंह सिद्धु सहित अन्य आरोपी इन्द्रजीत सिंह खन्ना, अमनदीप सिंह, हरजीत सिंह जे.ई. पुलिस द्वारा पहले से गिरफतार किये जा चुके हैं जो कि न्यायिक हिरास्त में चल रहे हैं। जबकि इसी केस में अन्य आरोपी रविन्द्र सिंह पापड़ा, राजिन्द्र सिंह, भगवंत सिंह को गिरफतार करना अभी बाकी है। आज 6 आरोपियों को और गिरफ्तार कर लिया गया है जिन का पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी।


 

Advertising