खेलते-खेलते तीसरी मंजिल से गिरा डेढ़ साल का मासूम, मौत

Wednesday, Jun 06, 2018 - 11:22 AM (IST)

चंडीगढ़ (संदीप): सैक्टर-26 की बापूधाम कालोनी में घर की तीसरी मंजिल से गिरकर डेढ़ साल के मासूम दीपक की मौत हो गई। उसने पी.जी.आई. में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सैक्टर-26 थाना पुलिस ने डी.डी.आर. दर्ज कर केस की जांच शुरू कर दी है। 

 

सोमवार दोपहर बच्चा बालकनी में लगी ग्रिल में से निकल कर नीचे गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। सोमवार देर रात पी.जी.आई. में उसने दम तोड़ दिया। यह हादसा सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गया है। दीपक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। 

 

बच्चे की मां थी खाना बनाने में व्यस्त
दीपक के पिता मोती लाल और उसकी मां रीमा यहां मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में किराए पर रहते हैं। दोपहर को रीमा खाना बना रही थी। दीपक घर में खेल रहा था। मां अपने काम में इतना ज्यादा व्यस्त हो गई कि उसे पता ही नहीं चला कि कब उसका बच्चा खेलते-खेलते कमरे से बाहर बालकनी में जा पहुंचा। 

 

दीपक यहां लगी ग्रिल, जो की कुछ खुली थी, उसमें से निकला और नीचे जा गिरा। गली में बैठे युवकों ने उसे नीचे गिरते देखा तो वे तुरंत उसे उपचार के लिए सैक्टर-16 अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उसकी हालत बिगड़ते देख डाक्टरों ने उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया। पी.जी.आई. में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। 

 

बरसों बाद भरी थी मां की गोद  
रीमा पहले जब गर्भवती हुई थी तो किन्हीं कारणों के चलते उसका गर्भपात हो गया था। फिर कई साल तक वह मां नहीं बन पाई। दंपती ने भगवान से मन्नतें मांगीं तो कई साल बाद रीमा की गोद भरी और उसके घर में दीपक का जन्म हुआ था। 

Punjab Kesari

Advertising