रेलवे कॉरीडोर के तहत बनाए जाएंगे यमुनानगर जिले में 3 स्टेशन

Saturday, Jun 03, 2023 - 08:20 PM (IST)

चंडीगढ़,(पांडेय): हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि रेलवे कॉरीडोर के तहत यमुनानगर जिले में 3 स्टेशन बनाए गए है। इन स्टेशनों से उद्योगपतियों को कैसे लाभ मिले, इसके लिए यमुनानगर के उपायुक्त द्वारा एक कमेटी बनाई जाएगी। यह कमेटी यमुनानगर क्षेत्र के उद्योगपतियों से जानकारी लेकर स्टेशनोंं पर सुविधा मुहैया करवाएगी। इन रेलवे कॉरीडोर बनने से इस क्षेत्र के व्यापारियों के साथ-साथ पौंटासाहिब तक के उद्योगपतियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि यमुनानगर से 700 कंटेनर का आयात होता है और 600 कंटेनर का निर्यात होता है। मुख्य सचिव आज यमुनानगर जिला सचिवालय के सभागार में यमुनानगर जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।

 

 


मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ एक्सप्रैस हाई-वे, रेलवे कॉरीडोर व मैडीकल कालेज के निर्माण कार्य के बारे में अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जो भी विकास कार्य होना है वह विजन के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेलवे कॉरीडोर में 3 स्टेशन बनाए जाएगे, जिनमें न्यू कलानौर, दराजपुर, न्यू जगाधरी रेलवे स्टेशन शामिल है। रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि रेलवे कॉरीडोर का कार्य अंतिम चरणों में है। न्यू कलानौर जंक्शन, न्यू जगाधरी रेलवे जंक्शन हाई-वे से जुड़े है, इससे व्यापारियों को काफी लाभ मिलेगा।

 

 


मुख्य सचिव ने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी शहर को जोडऩे के लिए हाईवे से फॉरलेन सड़क होनी चाहिए। बैठक में मुख्य सचिव ने इस जिलें में बन रही सड़कों के बारे में जानकारी ली और कहा कि सभी सड़कों को निर्धारित समय पर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि थर्मल पावर प्लांट को जोडऩे के लिए सड़क को चौड़ा व मजबूत बनाया जाए। उन्होंने इस जिले के पांजूपुर में करीब एक हजार करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले मैडीकल कालेज के बारे में भी जानकारी मांगी। सी.एम.ओ. ने बताया कि मैडीकल कालेज के निर्माण कार्य की सभी कार्रवाई पूरी कर ली गई है और इसका निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू होगा। इस मौके पर उपायुक्त राहुल हुड्डा, सी.टी.एम. अशोक कुमार, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त धीरज कुमार, डी.डी.पी.ओ. शंकर लाल गोयल सहित रेलवे, पी.डब्ल्यू.डी. के अधिकारी उपस्थित थे।

Ajay Chandigarh

Advertising