चिरायु हरियाणा : हरियाणा में अब 28 लाख परिवार आयुष्मान भारत के दायरे में

punjabkesari.in Monday, Nov 21, 2022 - 07:08 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा सरकार ने ऐसे जरूरतमंद परिवारों को भी आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभ देने की शुरूआत की है, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए तक है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज मानेसर में लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरित कर इस कार्यक्रम की शुरूआत की। इस योजना से राज्य के करीब 28 लाख परिवारों की बीमारी की स्थिति में इलाज पर आने वाले खर्च की चिंता खत्म होगी। योजना से सीधे तौर पर सवा करोड़ हरियाणवी लाभान्वित होंगे। यानि हरियाणा की 50 प्रतिशत जनता को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना को चिरायु हरियाणा के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने कांता देवी और हरपाल सहित दर्जनभर लाभार्थी को गोल्डन कार्ड वितरित। इस योजना में शामिल किए जाने वाले इन परिवारों का 5 लाख रुपए तक का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब दिव्यांग का इलाज भी योजना में समाहित किया गया है। इस अवसर पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से तैयार फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

 


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज से अन्त्योदय परिवारों को भी आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के दायरे में लाया जा रहा है। इससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ भारत-सशक्त भारत के विजन को एक नई दिशा और गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाभार्थियों का डाटा राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के साथ साझा किया गया है ताकि उसे आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना पोर्टल और पी.पी.पी. आईडी के साथ एकीकृत किया जा सके। 
 

 

करीब 20 लाख परिवार ओर जोड़े गए
केंद्र सरकार के मानदंडों के अनुसार इस योजना के लाभार्थी परिवारों का चयन आर्थिक, सामाजिक व जातीय जनगणना-2011 के आधार पर किया गया है। इसके अनुसार हरियाणा में 15 लाख 51,798 परिवार इस योजना में चिह्नित हुए थे लेकिन इनमे से सिर्फ 9 लाख का डाटा वेरिफाई हो पाया था और इन्हीं 9 लाख परिवारों को योजना का लाभ मिल रहा था लेकिन अब राज्य सरकार के खर्च पर योजना का दायरा बढ़ाया गया है। पी.पी.पी. के डाटा के आधार पर इस योजना से प्रदेश में अब 28 लाख 89,036 परिवार कवर हो रहे हैं। यानि पहले जहां करीब 9 लाख परिवारों को योजना का लाभ मिल रहा था वहीं अब करीब 20 लाख और परिवार इसमें जोड़े गए हैं। 
 

 

 

31 दिसम्बर तक सभी को मिल जाएंगे कार्ड 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राज्य के हिसाब से केंद्र की 1 लाख 20 हजार वार्षिक आय की सीमा को 1 लाख 80 हजार तक किया है। इन परिवारों के गोल्डन कार्ड बनाए जा रहे हैं। मिशन मोड में अंत्योदय परिवारों के सभी लाभार्थियों को कवर करने के लिए लाभार्थी की पहचान और कार्ड बनाने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। उम्मीद है कि 31 दिसम्बर तक सभी को ये कार्ड मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश में कुल 715 अस्पताल सूचीबद्ध हैं, जिनमें 539 निजी अस्पताल और 176 सरकारी अस्पताल शामिल हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो हरियाणा के 22 जिलों में हर जिले में लगभग 32 अस्पतालों में इस योजना से जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। 1500 तरह की बीमारियों का इलाज इस योजना के जरिए संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक आयुष्मान भारत योजना के तहत 580.77 करोड़ से अधिक के क्लेम दिए गए हैं। 228 प्रकार के ऑप्रेशन, 70 प्रकार के टैस्ट और 21 प्रकार की दंत चिकित्सा मुफ्त उपलब्ध है। साथ ही 541 दवाइयां भी मुफ्त दी जाती हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News