3 मीटर से अधिक चौड़ी गलियों वाली सभी कालोनियां होंगी वैध

Saturday, Jun 03, 2023 - 08:24 PM (IST)

चंडीगढ़,(पांडेय): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज करनाल के वार्ड-4 में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी सभी अवैध कालोनियों को वैध किया जाएगा, जिनकी गलियां 3 मीटर से ज्यादा चौड़ी हैं और मुख्य रास्ते 6 मीटर से ज्यादा चौड़े हैं। इसके साथ-साथ ऐसी सभी कालोनियों में मूलभूत सुविधाओं का खाका तैयार कर सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि वे सत्ता में सेवा करने के लिए आए हैं और उनका मुख्य उद्देश्य लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुगमता और सहूलियत देना है ताकि लोगों को इधर-उधर अपने कामों के लिए न जाना पड़े। 

 

 


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रॉपर्टी आई.डी. ठीक करवाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक नगर परिषद और निगम कार्यालय में 2 कर्मचारियों को प्रॉपर्टी आई.डी. ठीक करवाने के लिए विशेष तौर पर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार हर परिवार का सर्वे करवाकर आंकड़ा जुटा रही है कि परिवार में कितने लोग रहते हैं, कितने लोग बेरोजगार हैं, घर में कितने बुजुर्ग हैं, सारा सर्वे कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और उसी तरह की योजनाएं सिरे चढ़ाई जाएंगे।

 

 


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पी.पी.पी. के माध्यकम से साढ़े 12 लाख राशन कार्ड बनाए गए हैं। जो राशन कार्ड वैध हैं और गलत तरीके से कटे हैं, उनको दोबारा उसी श्रेणी में जोड़ा जाएगा। वार्ड के पार्षद या मौजिज लोग अपने वार्डों से ऐसी लिस्ट बनाकर तैयार कर लें जो पात्र व्यक्ति हैं और उनके राशन कार्ड किसी कारण से कट गए हैं, उन्हें अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय दे दें ताकि उनके नाम दोबारा जोड़े जा सकें। परिवार पहचान पत्र से लेकर राशन कार्ड कट जाने तक की सभी गलतियां ठीक की जाएंगी। जिन परिवारों की वाॢषक आय 1 लाख 80 हजार से कम हैं, ऐसे परिवारों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाएगा। 

 

 


इस मौके पर मुख्यरमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला की सभी चौपालों, सामुदायिक केंद्रों व धर्मशालाओं का सर्वे करवाकर इनकी लिस्ट तैयार करें ताकि इनमें मुरम्मत आदि का कार्य, अगर जरूरत है तो कराया जा सके या नया बनवाया जा सके। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उड़ीसा में हुई रेल दुर्घटना पर 2 मिनट का मौन धारण कर संवेदनाएं भी प्रकट की। इस मौके पर घरौंडा से विधायक हरविंद्र कल्याण, मेयर रेणु बाला गुप्ता और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल व अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

Ajay Chandigarh

Advertising