डड्डूमाजरा में सी.एच.बी. ने मकानों से हटाए अवैध निर्माण

Saturday, Nov 16, 2019 - 12:46 PM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र): बिना अनुमति निर्माण कार्य करने वालों के खिलाफ चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड (सी.एच.बी.) का अभियान जारी है। सी.एच.बी. की इंफोर्समैंट विंग ने शुक्रवार को डड्डूमाजरा में चार मकानों में हुए अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें से तीन मकानों में हुए नए अवैध निर्माण को बोर्ड के कर्मचारियों ने तोड़ दिया। वहीं कार्रवाई के डर से एक अलॉटी ने खुद ही वॉयलेशन को हटा लिया।

 

बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि डड्डूमाजरा में शुक्रवार को उन मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिन्हें अवैध निर्माण रोक कर तुरंत इसे हटाने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारी ने बताया कि नोटिस के बावजूद लोगों ने आदेश का पालन नहीं किया, जिस कारण बोर्ड ने खुद अवैध निर्माण गिराना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि यहां कई आबंटियों का चालान किया गया है, जिनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। 

 

बताया कि जहां कहीं भी बिना अनुमति नया निर्माण कार्य होता है, बोर्ड तुरंत उसके खिलाफ कार्रवाई करता है। पहले नोटिस जारी कर तीन दिन का समय दिया जाता है। अगर तीन दिन के अंदर निर्माण कार्य रोक कर अवैध निर्माण नहीं हटाया जाता तो बोर्ड की तरफ से कार्रवाई की जाती है। बोर्ड की ओर से इस पर आया खर्च भी आबंटियों से ही वसूला जाता है।

pooja verma

Advertising