CHB  ने जारी किए निर्देश, छुट्टी के लिए एडवांस में करना होगा अप्लाई

Tuesday, Nov 05, 2019 - 01:10 PM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र ): चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड ने अपने कर्मचारियों को निर्देश जारी किए हैं कि उन्हें छुट्टी के लिए अब एडवांस में अप्लाई करना होगा। बोर्ड में अधिकतम कर्मचारी नाजायज छुट्टी लेकर ऑफिस से नदारद रह रहे थे। ऐसे कई मामले सामने आए, जिसमें कर्मचारी कई-कई दिन ऑफिस से गायब रहे। इसके बाद ही बोर्ड ने इस संबंध में सख्ती करने का फैसला लिया। 

 

इस संबंध में बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि कर्मचारी बिना अप्रूव ही कई दिन ऑफिस से नदारद रह रहे थे, जिसके चलते इस प्रथा को रोकने के लिए उन्होंने कुछ सख्ती करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि छुट्टी लेने के बाद इसे अप्रूव करवा रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा 
सकता है।

 

उन्होंने कहा कि मैडीकल एमरजैंसी और असामान्य परिस्थितियों में ही अचानक की छुट्टी का उपयोग किया जा सकता है, क्योंकि नियमों के मुताबिक ऐसे छुट्टी करना कर्मचारी का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि अर्नेड लीव की तो बाद में अप्रूव लेने का सवाल ही नहीं उठता है, क्योंकि कर्मचारी इस सुविधा का नाजायज फायदा उठा रहे हैं।

 

मैसेज से लीव भेजना भी करना होगा बंद 
इसके अलावा बोर्ड ने साफ किया है कि कर्मचारियों को अचानक फोन पर मैसेज से लीव के लिए अप्लाई करना भी बंद करना होगा। बोर्ड ने कहा कि सिर्फ कुछ मैडीकल एमरजैंसी में ही ऐसा किया जा सकता है, नहीं तो कर्मचारियों को एडवांस में ही छुट्टी लेनी चाहिए। बोर्ड ने एडमिनिस्ट्रैटिव ब्रांच को भी इस संबंध में सख्ती करने के लिए बोल दिया है। 

 

जो कर्मचारी इन निर्देशों की वायलेशन करेंगे, उनके  खिलाफ बोर्ड द्वारा सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है। इससे पहले भी बोर्ड इस संबंधित समय-समय पर निर्देश जारी कर चुका है। छुट्टी लेने के बाद बोर्ड द्वारा अब लीव अप्रूव नहीं की जाएंगी। 

 

ई.एल. के लिए 15 दिन पहले करना होगा अप्लाई 
बोर्ड ने साफ किया है कि अगर कोई कर्मचारी अर्नेड लीव का लाभ लेना चाहता है तो  उसे 15 दिन पहले इसके लिए एडवांस में अप्लाई करना होगा। चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर यशपाल गर्ग द्वारा ये आदेश जारी किए गए हैं और चीफ इंजीनियर, सुपरिंटैंडिंग इंजीनियर, इन्फोर्समैंट ऑफिसर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर समेत सभी ब्रांचों को आदेशों की पालना करवाने के लिए इसकी एक कॉपी भेजी गई है।  

pooja verma

Advertising