CHB चेयरमैन रिलीव, चंडीगढ़ में आई.ए.एस. ऑफिसर्स का संकट

Friday, Mar 23, 2018 - 08:23 AM (IST)

चंडीगढ़ (विजय) : जल्द ही चंडीगढ़ में आई.ए.एस. ऑफिसर्स की कमी होने वाली है। वीरवार को यू.टी. प्रशासन ने चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड (सी.एच.बी.) के चेयरमैन मनिंदर सिंह बैंस को रिलीव करने के ऑर्डर जारी कर दिए। प्रशासन ने अब उनके चार्ज वित्त सचिव अजॉय कुमार सिन्हा को दे दिए हैं। आई.ए.एस. ऑफिसर्स के जाने का सिलसिला यहीं नहीं थमेगा। 

 

आने वाले दो माह में दो आई.ए.एस. और एक आई.एफ.एस. ऑफिसर की भी चंडीगढ़ से विदाई हो जाएगी। सैक्रेटरी पर्सोनल के.के. जिंदल इसी माह रिटायर होने जा रहे हैं। जबकि गृह सचिव अनुराग अग्रवाल को मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स (एम.एच.ए.) से मिली एक्सटैंशन अगले महीने खत्म हो रही है। जबकि मई तक आई.एफ.एस. संतोष कुमार की भी चंडीगढ़ से ट्रांसफर हो जाएगी। 

 

ऐसे में अन्य अधिकारियों के ऊपर कईं डिपार्टमैंट का बोझ आएगा। यू.टी. प्रशासन ने एम.एच.ए. के पास जो गृह सचिव का पैनल भेजा था उस पर अभी तक कोई फैसला नहीं हो पाया है। सूत्रों के अनुसार अनुराग अग्रवाल को अब और एक्सटैंशन नहीं मिलेगी। 

 

प्रशासन के पास रह जाएंगे सिर्फ आठ आई.ए.एस. अफसर
अगर एम.एच.ए. ने सही समय पर ऑफिसर्स की नियुक्ति नहीं की तो यू.टी. के पास केवल आठ आई. ए.एस. ऑफिसर्स ही रह जाएंगे। चंडीगढ़ प्रशासन के पास 2016 तक 18 आई.ए.एस. ऑफिसर्स थे। लेकिन मौजूदा समय में यह संख्या घटकर 11 रह चुकी है। 

 

यही वजह है कि प्रशासन में अधिकारियों की कमी से लगातार प्रोजेक्ट्स की कंप्लीशन में देरी हो रही है। ये सभी आई.ए.एस. ऑफिसर्स ए.जी. एम.यू.टी., पंजाब और हरियाणा केडर्स के हैं। 

 

नए अधिकारी नहीं कर रहे ज्वाइन, प्रोजैक्ट्स पर पड़ेगा असर
एक बाद एक नए प्रोजेक्ट्स का बोझ चंडीगढ़ प्रशासन के ऊपर बढ़ रहा है लेकिन अधिकारियों की कमी से शहर के विकास से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं। पुराने ऑफिसर्स की शहर से विदाई होने का क्रम जारी है जबकि नए अधिकारी ज्वाइन नहीं कर रहे हैं, जिस कारण इस समय प्रशासन में अधिकारियों की काफी शॉर्टेज चल रही है। 

 

यही नहीं, मौजूदा प्रशासनिक अधिकारियों पर काम का बोझ और अधिक बढ़ गया है। जब तक नए अधिकारी ज्वाइन नहीं करेंगे तब तक नए प्रोजैक्ट्स पर काम शुरू नहीं हो पाएगा। 

Punjab Kesari

Advertising