इनैलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला तिहाड़ जेल से हुए रिहा

Friday, Jul 02, 2021 - 07:53 PM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): इनैलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला शुक्रवार को तिहाड़ जेल से रिहा हो गए। जे.बी.टी. भर्ती घोटाले में सजा काट रहे चौटाला की 8 साल 5 महीने की सजा के बाद रिहाई हुई है। चौटाला ने जेल से बाहर आते ही कहा कि वह जल्द ही कार्यकत्र्ताओं के बीच होंगे। चौटाला की रिहाई की सूचना के बाद से कार्यकत्र्ताओं में जश्न का माहौल देखने को मिला। बता दें कि चौटाला की रिहाई पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हुई थीं। अधिकारिक तौर पर चौटाला जब तिहाड़ जेल से रिहा होकर गुरुग्राम पहुंचे तो कार्यकत्र्ताओं ने खूब जश्न मनाया। दिल्ली से गुरुग्राम प्रवेश करते समय सरहौल बॉर्डर पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

 


सरहोल बॉर्डर क्षेत्र इनैलोमय नजर आया। लगभग हर कार्यकत्र्ता, नेता अपने हाथों में चश्मे के निशान वाले झंडे लिए खड़ा था। जैसे ही ओम प्रकाश चौटाला का काफिला दिल्ली की तरफ से आता दिखाई दिया तो कार्यकत्र्ताओं का जोश कई गुणा बढ़ गया। झंडे लहराते कार्यकत्र्ताओं ने उनके जयकारे शुरू कर दिए। लंबे समय बाद इनैलो में ऐसा नजारा देखने को मिला। हरियाणा में 16 साल से अधिक समय से सत्ता से बाहर इनैलो में ऐसा लगा कि नई जान आ गई है।

पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों के बीच कार्यकत्र्ता खूब झूमते नजर आए। चौटाला की रिहाई से कार्यकत्र्ताओं को संजीवनी मिल गई है। यहां कार्यकत्र्ताओं के जोश, जुनून को देखकर सहज ही कहा जा सकता है कि ओम प्रकाश चौटाला का जलवा अभी कायम है। उनके बाहर आने के बाद जिला, उपमंडल स्तर पर जिस तरह से प्रदेश में कार्यकत्र्ताओं ने पिछले कई दिनों से जश्न मनाने का क्रम जारी रखा, वह उनकी अपने नेता के प्रति दीवानगी को दर्शाता है। 

Vikash thakur

Advertising