मोहाली में चंडीगढ़ पुलिस का नाका से छिड़ा विवाद
punjabkesari.in Sunday, Aug 27, 2017 - 09:45 AM (IST)

मोहाली (राणा) : डेरा सच्चा सौदा मुखी के खिलाफ सजा का फैसला आने के बाद अगले दिन चंडीगढ़ पुलिस व मोहाली पुलिस दोनों आपस में नाके को लेकर उलझ पड़ी। मोहाली पुलिस ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस ने उनके एरिया में नाका लगाया हुआ है जो गलत है। मामला काफी बढ़ गया और मौके पर सीनियर अधिकारी भी पहुंचे। जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद मामला सुलझाया।
एंट्री को लेकर हुआ विवाद
शनिवार को फेज-1 के बेरीकेड के पास करीब 11 बजे चंडीगढ़ पुलिस ने नाका लगाया गया था। जहां एकदम से माहौल काफी गरमा गया। क्योंकि नाके पर लोगों को चंडीगढ़ जाने पर बैन लगा दिया कुछ ही मिनटों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों ने पुलिस अधिकारियों से कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि हमें डी.जी.पी. के आदेश हैं कि मोहाली से किसी को चंडीगढ़ प्रवेश न करने दिया जाए। नाके पर मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों से बार-बार कहा कि उनका जाना बहुत जरूरी है वह उनकी शिकायत अपने अफसरों से कर सकते हैं। लेकिन फिर भी उन्हें नहीं जाने दिया गया। जिसके बाद लोगों ने 100 नंबर पर फोन किया जो मोहाली कंट्रोल रूम में लगा।
तुरंत मोहाली पुलिस के दो ए.एस.आई. उजागर सिंह व सुलेख सिंह मौके पर पहुंचे उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस से पूछा कि आपने मोहाली में नाका कैसे लगाया और क्यों लोगों को नहीं जाने दिया जा रहा, तो उन्होंने फिर वही कहा कि डी.जी.पी. के आदेश हैं। बात बढ़ती देख ए.एस.आई. उजागर सिंह ने अपने एरिया के एस.एच.ओ. सुखविंद्र सिंह को सूचित किया। वहीं नाके पर मौजूद चंडीगढ़ पुलिस के जवानों ने भी अपने एस.एच.ओ. सुखविंद्र सिंह जो सैक्टर-39 थाना के प्रभारी हैं उन्हें सूचित कर दिया। जिसके बाद मौके पर तुरंत राजदीप सिंह पहुंचे। जिसके बाद जाकर जिन लोगों को पी.जी.आई. में एमरजैंसी में जाना था उन्हें जाने दिया गया। और चंडीगढ़ व मोहाली सीमा का विवाद भी सुलझाया।